शहरी क्षेत्र को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए अधूरी विकास योजनाओं को करें पूरा : विधायक
नगर विधायक संजय सरावगी ने कहा है कि निगम में करोड़ों की राशि पड़ी हुई है और शहरी विकास की कई योजनाएं अधूरी हैं। यह स्थिति ठीक नहीं है। हर हाल में शहरी विकास के कार्यों को गति देकर वित्तीय वर्ष की समाप्ति तक अधूरी योजनाएं पूरी की जाए।
दरभंगा । नगर विधायक संजय सरावगी ने कहा है कि निगम में करोड़ों की राशि पड़ी हुई है और शहरी विकास की कई योजनाएं अधूरी हैं। यह स्थिति ठीक नहीं है। हर हाल में शहरी विकास के कार्यों को गति देकर वित्तीय वर्ष की समाप्ति तक अधूरी योजनाएं पूरी की जाए। विधायक बुधवार को नगर निगम के सभागार में शहरी विकास को लेकर महापौर मुन्नी देवी, उप महापौर भरत सहनी और नगर विकास व आवास विभाग के अधिकारियों के साथ शहरी विकास की समीक्षात्मक बैठक को संबोधित कर रहे थे। कहा कि शहर के विकास को गति देने के लिए अधूरी योजनाओं को हर हाल में पूरा करना है। मौके पर उपस्थित नव निर्वाचित महापौर और उप महापौर ने बताया कि दो दिनों के अंदर सशक्त स्थाई समिति का गठन कर लिया जाएगा। इसी के साथ विकास की योजनाओं को अमलीजामा पहनाने का काम युद्ध स्तर पर किया जाएगा।
मौके पर मौजूद नगर विकास व आवास विभाग पटना से आए डिप्टी डायरेक्टर विशाल आनंद ने नगर निगम क्षेत्र में संचालित विकास की योजनाओं की समीक्षा करते हुए कहा कि शहर में विकास कार्य का दर काफी कम है। योजना के क्रियान्वयन पर ध्यान देना जरूरी है। यदि आवंटित राशि इस वित्तीय वर्ष में खर्च नहीं की गई तो संबंधित राशि वापस चली जाएगी। इस विषय को रेखांकित करते हुए नगर विधायक ने कहा कि शहर को साफ सुंदर बनाने और विभिन्न प्रकार की योजनाओं को सही से लागू करने के लिए राशि आपके पास है। इससे काम किया जाना चाहिए। बता दें कि निगम के पास करोड़ों की राशि विभिन्न मदों में पड़ी है। जिसमें पंचम वित्त आयोग में 55 करोड़ 8 सौ 53 लाख, चौदहवें वित्त आयोग में 69 करोड़ 70 लाख 866 और पंद्रहवें वित्त आयोग में 26 करोड़ 14 लाख 8 हजार 190 और मुख्यमंत्री जल नल योजना में 50 करोड़ 77 लाख 63 हजार 23 सौ वहीं अन्य मद में 6 करोड़ 930 लाख 77 हजार 449 रुपये प्रमुख है। इस स्थिति में विधायक ने तमाम योजनाओं की समीक्षा के बाद अधिकारियों को कहा कि इसके लिए एक व्यापक कार्य योजना तैयार कर काम करने की जरूरत है, ताकि सरकारी राशि का सदुपयोग हो सके और शहर स्वच्छ और सुंदर बने।
-