बिहार में दरोगा ने पेश की मिसाल, शराब बेच रहे बेटे को पहना दी हथकड़ी
रिश्ते को परे रख एक कर्मठ पिता ने शराब की तस्करी करने वाले बेटे को गिरफ्तार करा दिया।
दरभंगा [जेएनएन]। एक पिता ने अपना फर्ज निभाते हुए अपने खून के रिश्ते को भी नहीं बख्शा। दारोगा ने अपने ही बेटे को शराब की तस्करी करने के आरोप में गिरफ्तार करा दिया। दरभंगा विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र में गुरुवार को चलाए गए चेकिंग अभियान में भारी मात्रा में शराब की बोतलों के साथ एक दारोगा के बेटा को गिरफ्तार कर लिया।
हालांकि, उसकी गिरफ्तारी से पुलिस महकमा में खलबली मच गई। बावजूद वरीय अधिकारियों ने उसके प्रति कोई नरमी नहीं बरती। चार घंटे तक चले हाई वोल्टेज ड्रामा के बाद पुलिस ने दारोगा के बेटा को मीडिया के सामने प्रस्तुत किया।
यह भी पढ़ें: होली के रंग में रंग ना जाएं 500 और 2000 के नोट, बरतें सावधानी, जानिए
गिरफ्त में आया इंद्रजीत कुमार अशोक पेपर मिल थाना के अवर निरीक्षक प्रभात शंकर का पुत्र है। वह सदर थाना क्षेत्र के कबीरचक का रहने वाला है। उसने बताया कि समस्तीपुर जिले के एक बड़े कारोबारी उसे शराब मुहैया कराता है। हालांकि, बाद में उसने अपना स्टेटमेंट बदल लिया।
उसने बताया कि एक कारोबारी मुझे लालच देकर शराब धरा दिया। इसकी सूचना अपने पिता को दी। इसके बाद पिता ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। हालांकि, उसके इस बातों में कोई दम नहीं दिखा। बताया जाता है कि वह लंबे दिनों से इस धंधा में शामिल था।
बताया जाता है कि इंद्रजीत का एक पार्टनर किसी बात को लेकर दुश्मन बन गया। उसने इसकी जानकारी पुलिस को दे दी। हालांकि, उसने यह नहीं बताया कि वह दारोगा का बेटा है। एएसपी दिलनवाज अहमद ने प्रेस वार्ता कर बताया कि कठलबाड़ी रोड से इंद्रजीत को गिरफ्तार किया गया है।
उसके पास से हरियाणा की 25 शराब की बोतल बरामद की गई है। सभी बोतलें रॉयल स्टेग कंपनी की है। उन्होंने बताया कि आरोपी पूछताछ की जा रही है। उसके निशानदेही पर कई जगहों पर उन्होंने छापेमारी करने की बात कही है। छापेमारी में थानाध्यक्ष रमेश दुबे सहित कई पुलिस पदाधिकारी शामिल थे।