-ईदगाहों व मस्जिदों में घंटों लगी रही नमाजियों की भीड़
-चहकते रहे नए परिधानों में लिपटे बच्चे, खूब बलि चढ़े बकरे
-गांव-गांव में भारी उत्साह संग मनाई गई बकरीद
दरभंगा, जागरण टीम : इस्लाम धर्मावलंबियों का बहुप्रतिक्षित पर्व बकरीद सोमवार को जिले के सभी प्रखंडों में धूमधाम व हर्ष के साथ मनाया गया। इस दौरान गांव-गांव में चहुंओर उत्साह का माहौल रहा। ईदगाहों व मस्जिदों में भारी संख्या में उमड़े नमाजियों ने अकीदत के साथ नमाज अदा की। हर तरफ इबादत कर खुदा को खुश करने का दौर चलता रहा। सुबह से ही रंग-बिरंगे परिधानों में लिपटे बच्चे चहकते हुए पर्व का आनंद लेते रहे। परंपरा के मुताबिक बकरों की भी खूब बलि चढ़ी।
मेले सा नजारा
मनीगाछी : मुसलमान भाइयों ने अपनी परंपरा के अनुसार पूरे उत्साह से त्योहार मनाया। इस दौरान क्षेत्र के सभी ईदगाहों में नमाज अदा की गई। यहां मेले जैसा नजारा रहा।
मस्जिदों में उमड़ी भीड़
केवटी : प्रखंड के केवटी, वाजीदपुर, मोहम्मदपुर, बग्धा, छतवन, बरही, खिरमा, दिघियार, रैयाम आदि जगहों के इदगाहों तथा मस्जिदों में शांति व सौहार्दपूर्ण माहौल में बकरीद मनी। बड़ी संख्या में नमाजियों ने नमाज अदा की और एक दूसरे को मुबारकवाद दी।
बधाई देने में जुटे रहे लोग
कुशेश्वरस्थान : कुशेश्वरस्थान दोनों प्रखंड में बकरीद का त्योहार हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। मुसलमानों ने इस मौके पर बड़ना बतसपुर, गोड़ा, भोलका आदि मदरसों में बकरीद की नमाज अदा कर एक दूसरे को बधाई दी। अलीनगर प्रतिनिधि के अनुसार विभिन्न मस्जिदों एवं ईदगाहों में ईद उल अजहा की नमाज अदा की गई। कुर्बानी के इस पर्व पर पकड़ी, मनहर, गरौल आदि गांवों में बकरों की बलि दी गई।
लोग दिखे पाक साफ
गोड़ाबौराम : प्रखंड में ईद उल अजहा पर्व शांतिपूर्ण माहौल व हर्षोल्लास के बीच मनाया गया। सुबह से ही लोग पाक साफ होकर ईदगाह पहुंचे और नमाज अदा की। मनसारा, बडगांव, बगरासी, कोठराम, बौराम के लोगों ने अपने अपने गांव के ईदगाह में नमाज पढ़ी।
सुबह से ही जुटी भीड़
बहेड़ी : प्रखंड में बकरीद का पर्व पारंपरिक तरीके से सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाया गया। रजखा, मोटगाह, बघौनी, बहेड़ी, बघड़ा, बलिगांव आदि गांवों की मस्जिदों में सुबह से ही भीड़ रही। नमाज अदा करने के बाद लोगों ने एक एक दूसरे को मुबारकवाद दी।
हर तरफ जश्न
घनश्यामपुर : प्रखंड में ईद-उल-अजहा का त्योहार हर्षोल्लास से मनाया गया। हर तरफ जश्न का माहौल था। पाली, हरदी बेला, ब्रह्मापुरा, गनौन, देउरी, महथबार आदि गांवों में बकरीद की नमाज अदा की गई। पाली में ईमाम फारुख अब्दुल्ला व नजरुल बारी ने नमाज के बाद ईद-उल-अजहा व कुर्बानी के बारे में विस्तार से चर्चा की।
हर कदम पर कुर्बानी मांगता है कौम
जाले/कमतौल : ईदगाहों व मस्जिदों में नमाजियों की भीड़ लगी रही। खुदा को खुश करने के लिए बकरों की बलि दी गई। बच्चे, जवान, बूढ़े सबने नए-नए परिधान ग्रहण कर त्योहार मनाया। जाले के बीस सूत्री प्रखंड उपाध्यक्ष जफर इमाम बेग आले ने बताया कि मजहब-ए-इस्लाम कौम से जिन्दगी के हर कदम पर कुर्बानी मांगता है। खुदा कहते हैं कि खुद तकलीफ सहकर लाचार की मदद के लिए जो अपने अजीज से अजीज को कुर्बान कर दे, वो मेरा सच्चा सेवक कहलाएगा।
इमाम ने दी बकरीद की खूबियों पर तकरीर
बिरौल : अनुमंडल के विभिन्न ईदगाहो में भारी संख्या में पहुंचे मुसलमानों ने बकरीद का नमाज अदा की। इससे पूर्व इमाम ने बकरीद की विशेषता आदि पर तकरीर दी। इधर, विधायक इजहार अहमद ने बलिया स्थित ईदगाह में नमाज अदा की। भाजपा विधायक शशिभूषण हजारी भी कई ईदगाहो पर गए और नमाजियों से मिले। नमाज अदा होने के बाद लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर मुबारकवाद दी। इसके पूर्व पर्व को लेकर रविवार की रात महिलाओं ने सौंदर्य प्रसाधनों की खरीदारी की। इससे बाजार की सड़कों पर रातभर चहल पहल रही। सुरक्षा के निमित्त पुलिस रातभर गश्त करती रही।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर
में कोरोना वायरस से जुडी सभी खबरे
blink LIVE
PNB MetLife Webinar
VIDEO