युवक की शादी कराने को 50 हजार की ठगी, महिला गिरफ्तार
बहादुरपुर थाने क्षेत्र में कुंआरा लड़के को शादी कराने के नाम पर ठगी करने का मामले में पुलिस ने मंगलवार को एक महिला को गिरफ्तार कर लिया।
दरभंगा । बहादुरपुर थाने क्षेत्र में कुंआरा लड़के को शादी कराने के नाम पर ठगी करने का मामले में पुलिस ने मंगलवार को एक महिला को गिरफ्तार कर लिया। बताया जाता है कि उसने कई लोगों को चूना लगाया है। लेकिन, इस दफा उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की गई है। उसकी करतूत से गांव के लोग भी परेशान रहते थे। यही कारण था कि पीड़ित परिवार को लोगों ने सहयोग ही नहीं किया बल्कि महिला को पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया। गिरफ्त में आई महिला सुनीता देवी बहादुरपुर स्थित भगवती स्थान टोला निवासी अरुण पासवान की पत्नी है। उसके खिलाफ बहेड़ा थाने क्षेत्र के बेराही गांव निवासी नथुनी पासवान ने प्राथमिकी दर्ज कराई है। अरुण को अपने रिश्तेदार से पता चला कि आरोपित महिला अपने पुत्र रंजन पासवान की शादी के लिए लड़की खोज रही है। इस दौरान अरुण अपनी लड़की की शादी का रिश्ता लेकर गया। एक दो बार के बाद सुनीता देवी शादी करने के लिए राजी हो गई। लेकिन, बातचीत दौरान उसने अरुण को झांसे में ले लिया। दरअसल, अरुण के साथ उसका छोटा भाई उदगार पासवान भी आरोपित के घर गया था। जिसे देखकर सुनीता बोली की एक बिना माता-पिता की लड़की है जो डीएमसीएच में नर्स है। उससे इनकी शादी करा देते हैं। दोनों शादी एक साथ हो जाएगी। इसके कुछ ही दिनों बाद सुनीता देवी ने फोन से सूचना दिया कि जिस लड़की से उदगार की शादी होने वाली है उसकी चाची निजी नर्सिंग होम में भर्ती है। इलाज के लिए उसके पास रुपये नहीं है। उसे आप दुख की घड़ी में मदद करें। यह सुनते ही अरुण पासवान ने अस्पताल पहुंचकर आर्थिक मदद की। लेकिन, जब मरीज से मिलने की बात की तो सुनीता देवी बोली की वहां सभी रो-चिल्ला रहे हैं। इसके बाद अरुण वापस हो गए। इसके बाद बार-बार सुनीता देवी आवाज बदलकर अरुण के भाई और मां से बात करने लगी। जिससे परिवार के लोगों का भरोसा बढ़ गया। बाद में बताया गया कि उसकी चाची की मौत हो गई। इस क्रम में उससे 50 हजार रुपये की ठगी कर ली। आगे वह और ठगी करती उससे पहले ही गांव में अरुण पहुंच गया और ग्रामीणों से जानकारी ली। पता चला कि यह महिला कई लोगों को चूना लगा चुकी है। गांव के लोगों के सामने जब लड़की के विषय में जानकारी ली तो वह खामोश हो गई। इसके बाद स्थानीय लोग उसके ऊपर आक्रोशित हो गए और उसे पुलिस के हवाले कर दिया। थानाध्यक्ष मो. रफीकुर रहमान ने बताया कि आरोपित महिला को न्यायिक हिरासत में भेजने की तैयारी की जा रही है।