जिले में एक चिकित्सक समेत कोरोना के 32 नए संक्रमित मिले, एक की मौत
जिले के विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों पर 24 घंटे में हुई कोविड नमूनों की जांच में 32 मरीज पॉजिटिव पाए गए हैं। इसमें दरभंगा मेडिकल कॉलेज सह अस्पताल के एक चिकित्सक भी शामिल हैं। दूसरी ओर कोविड आइसीयू में भर्ती एक मरीज ने दम तोड़ दिया।
दरभंगा । जिले के विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों पर 24 घंटे में हुई कोविड नमूनों की जांच में 32 मरीज पॉजिटिव पाए गए हैं। इसमें दरभंगा मेडिकल कॉलेज सह अस्पताल के एक चिकित्सक भी शामिल हैं। दूसरी ओर कोविड आइसीयू में भर्ती एक मरीज ने दम तोड़ दिया। मरीज मधुबनी जिला के बेनीपट्टी प्रखंड का बताया गया है। उनकी आयु 48 साल से अधिक थी। उन्हें गंभीर हालत में यहां भर्ती कराया गया था। लगातार बढ़ रहे संक्रमण के बीच जिले में कुल पॉजिटिव मरीजों की संख्या 2147 पर पहुंच गई है। जानकारी के अनुसार 27 अगस्त को जिले की विभिन्न पीएचसी में कुल 1500 से अधिक संदिग्ध मरीजों की रैपिड किट से जांच हुई जिसमें, 30 मरीज पॉजिटिव पाए गए हैं। जबकि डीएमसीएच के लेबोरेटरी की जांच में दो मरीज संक्रमित मिले है। इसमें इन पॉजिटिव मरीजों में अधिकांश मरीज गा्रमीण क्षेत्रों के हैं। दो मरीज डीएमसीएच के बताए गए हैं। वर्तमान में कुल एक्टिव केस 374 हैं। सिविल सर्जन डॉ. संजीव कुमार सिन्हा ने बताया कि कोविड के गाइड लाइन का पालन नहीं करने के कारण लोग संक्रमित हो रहे हैं। डॉ. सिन्हा ने लोगों को जरूरत पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी है। अगर घर से बाहर जाना ही पड़े तो, मास्क लगाए। बाहर से घर आने पर पहने गए कपड़ों को बाहर ही निकाल दें। बाहर से लाए गए खाद्य सामाग्री को धोकर ही घर में ले जाएं। हाथ मुंह को साबुन से धो लें। -