टेक होम राशन में कीड़ा मिलने के बाद फफदर में ग्रामीणों ने काटा बवाल
बक्सर रविवार को स्थानीय प्रखंड अंतर्गत मसर्हियां पंचायत क्षेत्र के फफदर गांव के वार्ड संख्या नौ
बक्सर : रविवार को स्थानीय प्रखंड अंतर्गत मसर्हियां पंचायत क्षेत्र के फफदर गांव के वार्ड संख्या नौ में संचालित आंगनबाड़ी केंद्र पर जमकर बवाल हुआ। यहां आंगनबाड़ी केंद्र के पोषक क्षेत्र में रहने वाले अभिभावकों का आरोप था कि आंगनबाड़ी सेविका के द्वारा दो दिन पहले टेक होम राशन वितरित किया गया है। खाद्य सामग्री में कीड़ा मिलने के बाद बच्चों के अभिभावकों में हड़कंप मच गया। इस आंगनबाड़ी केंद्र में पढ़ने वाले बच्चों के अभिभावकों की शिकायत पर पहुंचे प्रखंड प्रमुख ऋषिकांत सिंह ने मामले की जांच कर वरीय अधिकारियों से अवगत कराने की बात कही।
मिली जानकारी के अनुसार आंगनबाड़ी केंद्र संख्या 22 कि सेविका शैल देवी के द्वारा शुक्रवार को यहां पढ़ने वाले बच्चों के अभिभावकों के बीच बिना माप तौल किए टेक होम राशन वितरित किया गया। रविवार को दाल में कीड़ा मिलने की बात पूरे पोषक क्षेत्र में फैल गई। इसकी सूचना मिलते ही प्रखंड प्रमुख ऋषिकांत सिंह और पंचायत के मुखिया मनोज कुमार आंगनबाड़ी केंद्र पर पहुंचे। यहां काफी संख्या में उपस्थित अभिभावकों ने शिकायत की कि आंगनबाड़ी केंद्र सेविका के निजी आवास पर संचालित होता है। शौच के लिए यहां पढ़ने वाले नन्हे मुन्ने बच्चे को रोड पर भेजा जाता है। टेक होम राशन में कीड़ा मिलने की बात पर सेविका और संबंधित अधिकारियों की बोलती बंद है। यहां पढ़ने वाले बच्चों के अभिभावकों में विष्णु पासवान, चंदा देवी, ज्योति देवी, ललिता देवी, फूला देवी, मनोज पासवान, देवचंद्र पासवान, पार्वती देवी, गुड़िया देवी, मुन्ना पासवान और मनोज पासवान सहित अन्य कई अभिभावकों ने इस गंभीर समस्या की ओर शासन का ध्यान आकृष्ट कराया है। इस संबंध में आंगनबाड़ी सेविका से संपर्क नहीं होने के कारण उनके पक्ष की जानकारी नहीं हुई।
-बयान :
उपरोक्त आंगनबाड़ी केंद्र पर वितरित किए गए टेक होम राशन में कीड़ा मिलने की जानकारी नहीं है। इस मामले में जांच पड़ताल की जाएगी।
श्वेता सिंह, सीडीपीओ चौगाईं