लूट के प्रयास में दो गड़ेरियों को मारी गोली, स्थिति खतरे से बाहर
बक्सर नावानगर थाना क्षेत्र के सोनवर्षा ओपी के टीकपोखर गांव के समीप लूट का प्रयास कर रहे ब
बक्सर : नावानगर थाना क्षेत्र के सोनवर्षा ओपी के टीकपोखर गांव के समीप लूट का प्रयास कर रहे बोलेरो सवार युवकों ने दो गड़रियों को गोली मार दी। घटना रात तकरीबन 11:30 बजे की है। इस घटना में घायल दोनों गड़ेरियों का इलाज स्थानीय एक निजी चिकित्सालय में किया जा रहा है। चिकित्सक के अनुसार दोनों खतरे से बाहर बताए गए।
इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार एनएच-30 पर सोनवर्षा ओपी अंतर्गत टीकपोखर के पास करीब 15-16 दिनों से भोजपुर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के बेलवटी तथा सिकरहट्टा के हरपुर टोला रहने वाले गड़ेरिये डेरा डाले हुए थे। मंगलवार की रात्रि में सोए हुए थे तभी बोलेरो सवार कुछ युवक आए और भेड़ों को लूटने का प्रयास करने लगे। इसका विरोध करने पर दो गड़ेरियों को गोली मार दी। गोली से घायल एक गड़ेरिया बलिराम पाल की दोनों जांघों को बेधते हुए गोली निकल गयी है वहीं, एकराम पाल नामक गड़ेरिये के पेट के पास से छूते हुए गोली निकल गयी। प्राप्त सूचना के अनुसार इस बीच जख्मी बलराम को बेहतर इलाज के लिए आरा रेफर कर दिया गया है। बावजूद इसके उसका इलाज स्थानीय स्तर पर ही किया जा रहा है। वहीं एकराम की हालत खतरे से बाहर बताई गई है। इस संबंध में ओपी प्रभारी सुबोध कुमार के अनुसार गड़ेरियों ने बताया है कि हमलावर युवक शारी ब्याह का एक स्टिकर लगी बोलेरो पर सवार होकर आए थे। ओपी प्रभारी ने बताया कि भोजपुर के धनगाई से एक बारात आई थी जिसमें कुछ विवाद भी हुआ था। अनुमान किया जा रहा है कि बोलेरो सवार युवक उसी बारात में आए थे। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मामले की जांच में लग गई है। उधर, घटना की सूचना मिलते ही सोनवर्षा मुखिया प्रतिनिधि मंटू पटेल घटनास्थल पर पहुंच गए तथा पुलिस से त्वरित अनुसंधान करते हुए अपराधियों को गिरफ्तार करने की मांग की।