बरात में आए हाथी-घोड़े को देखने के दौरान कुएं में गिरे दो बच्चे, एक की थमी सांस
बक्सर के इटाढ़ी थाना क्षेत्र के हेठुआ गांव में गुरुवार की रात आई बरात में दो बच्चे कुएं में गिर गए। दर्दनाक हादसे में एक की मौत हो गई।
बक्सर, जेएनएन। बिहार के बक्सर में गुरुवार की रात दर्दनाक हादसा हो गया। इटाढ़ी थाना क्षेत्र के हेठुआ गांव में कुएं में गिरकर एक बच्चे की मौत हो गई है। घटना गुरुवार की देर रात हुई। हादसा गांव में आई एक बरात के दौरान हुआ। बताया जाता है कि बरात में आए हाथी, घोड़े और ऊंट को देखने के क्रम में हुई दुर्घटना में दो बच्चे कुएं में गिर गए, जिसमें एक को बचा लिया गया जबकि दूसरे की मौत हो गई। बच्चे की मौत के बाद स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
एक बच्चे कुएं से निकाला गया सुरक्षित
इस संदर्भ में मिली जानकारी के मुताबिक स्थानीय थाना क्षेत्र के हेठुआ गांव में शुक्रवलिया से बरात आई थी। जिसमें गांव के ठाकुरबाड़ी के पास घराती के दरवाजे पर द्वारपूजा के समय हाथी, घोड़ा, ऊंट देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग उमड़े थे। इसमें कई बच्चे भी शामिल थे। इसी दौरान एक बच्चा कुएं में गिर गया। हादसे के समय किसी की नजर बच्चे पर पड़ गई। तुरंत उसे लोगों ने कुएं से निकाल लिया गया।
एक हादसे को भूल नहीं पाए थे कि गिर गया दूसरा बच्चा
एक हादसे को अभी लोग भूल नहीं पाए थे कि उसी गांव के बिहारी ठाकुर का नौ वर्षीय पुत्र रोशन ठाकुर भी कुएं में गिर गया। लेकिन, इसकी जानकारी लोगों को नहीं हुई। बाद में काफी खोजबीन करने के बाद लोगों को कुएं में गिरा हुआ बच्चा दिखा, जिसके बाद उसे निकालने के लिए मोटर चलाकर पानी की निकासी की गई। तत्पश्चात, बालक को भी बाहर निकाला गया। लेकिन, तब तक उसकी मृत्यु हो गई थी। घटना की पुष्टि करते हुए थानाध्यक्ष आलोक कुमार ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बक्सर स्थित पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया गया है। इधर बच्चे की मौत के बाद स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।