प्राथमिकी पर भड़के जनाधिकारी पार्टी के जिलाध्यक्ष
बक्सर चक्की में जनाधिकार पार्टी के कार्यक्रम में भीड़ इकट्ठा करने का आरोप लगा जिला प्रशासन
बक्सर : चक्की में जनाधिकार पार्टी के कार्यक्रम में भीड़ इकट्ठा करने का आरोप लगा जिला प्रशासन द्वारा पार्टी के अध्यक्ष पप्पू यादव समेत कई नेताओं पर प्राथमिकी को पार्टी के जिलाध्यक्ष परमानंद यादव ने अनुचित बताया है। गुरुवार को वर्चुअल संवाददाता सम्मेलन में सफई पेश करते हुए उन्होंने कहा कि सोमवार को पार्टी संगठन के विस्तार व जन संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया था। जिसमें पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह पूर्व सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव मुख्य रूप से आमंत्रित थे।
कार्यक्रम की जानकारी मिलते ही लोकप्रिय नेता पप्पू यादव की एक झलक पाने को जनप्रतिनिधियों सहित स्थानीय ग्रामीण पहुंच गए। इसमें पार्टी की ओर से किसी को नहीं बुलाया गया था। जिलाध्यक्ष ने विरोधी दलों के नेताओं पर जनाधिकार पार्टी की लोकप्रियता से घबड़ा कर प्रशासन पर दबाव बनाने और केस दर्ज कराने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि वहां की व्यवस्था की देखरेख में स्थानीय ओपी के एक दरोगा उपस्थित थे। उन्होंने उसी दौरान क्यों नहीं एक्शन लिया। दर्ज एफआईआर में वैसे लोगों का नाम भी है जोकि गरीब किसान आम जनता हैं।