समान काम समान वेतन एवं सेवा शर्त को जारी रहेगा संषर्घ
सरकार नियोजित शिक्षकों के साथ सौतेला व्यवहार कर रही है।
बक्सर। सरकार नियोजित शिक्षकों के साथ सौतेला व्यवहार कर रही है। हालांकि, इसके बाद भी समान काम के बदले समान वेतन और सेवा शर्त नियमावली के लिए संघर्ष जारी रहेगा। प्रारंभिक शिक्षक संघ के सदस्यता अभियान की शुरूआत के अवसर पर रविवार को जिलाध्यक्ष के डी सिंह ने ये बातें कही। नगर भवन पार्क में संघ ने सदस्यता अभियान की शुरूआत की। इस दौरान जिले के सभी प्रखंडों से आए संघ के शिक्षकों, पदधारकों एवं शिक्षक प्रतिनिधियों को सदस्यता ग्रहण कराया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष ने कहा कि संघ की नींव सदस्यता से ही है। सदस्य ही संघ की मजबूती की कड़ी हैं। सदस्य के बिना संघ खोखला होता है। इसके लिए सभी की जिम्मेवारी बनती है शत प्रतिशत शिक्षक एवं शिक्षिकाओं को सदस्यता ग्रहण कराना। उन्होंने कहा कि पूरे जिले में चार हजार शिक्षकों को सदस्य बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। मुमताज अली ने कहा कि हर सीआरसी में पहुंचकर अधिक से अधिक शिक्षकों को संघ का सदस्य बनाया जाएगा। इस क्रम में शिक्षकों की समस्याओं पर भी चर्चा की गई और उनके निदान का निर्णय लिया गया। बैठक में संगठन की मजबूती, संघ के विस्तार और सदस्यता अभियान को सफल बनाने का निर्णय लिया गया। मौके पर रासबिहारी यादव, विमलेश भारती, विमल सिंह, बाल्मिकी सिंह, सुभाष पासवान, रामेश्वर खरवार, राजकुमार प्रसाद, ब्रजनंदन सिंह, ज्ञानेश्वर प्रसाद, प्रेमचंद प्रसाद, विजय बहादुर चौहान, नित्यानंद सिंह, जयराम प्रसाद आदि मौजूद थे।