यहां शौचालय के बाहर दिनभर टंगा प्राइस बोर्ड, रात होते ही हो जाता है गायब, जानिए
बक्सर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर बनी मूल्य तालिका दिनभर टंगी रहती है लेकिन रात होते ही गायब हो जाती है। इस बारे में अधिकारी ने बताया कि ये बंदर उठाकर ले जाते हैं।
बक्सर [जेएनएन]। रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर बनी मूल्य तालिका दिनभर टंगी रहती है लेकिन रात होते ही गायब हो जाती है। इस अजब गजब घटना की जब पड़ताल की गई तो सुलभ इंटरनेशनल के स्थानीय प्रबंधक अजय कुमार सिंह ने जो जवाब दिया वो और हैरतअंगेज था। उन्होंने बताया कि बंदरों को यह बहुत पसंद है इसीलिए वो रात में इसे खोलकर ले जाते हैं।
हम बात कर रहे हैं बक्सर जिले के रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या एक की, जहां सुलभ शौचालय के बाहर लगाई गई शुल्क तालिका पूरे दिन टंगी रहती है। लेकिन, रात को यह तालिका गायब हो जाती है। सुबह पुन: मूल्य तालिका यथास्थान पर नजर आती है। ये अजब-गजब की स्थिति कई दिनों से है।
मामले में दैनिक यात्रियों द्वारा लगातार मिल रही शिकायतों के आलोक में जब तहकीकात की गई तो पाया गया कि ऐसा लगभग हर दिन होता है। सुबह में जो मूल्य तालिका शौचालय के बाहर लगी होती है, वह रोज रात को गायब हो जाती है।
मूल्य तालिका गायब होने से आम लोगों को भले ही परेशानियों का सामना करना पड़े। लेकिन, शौचालय कर्मियों की चांदी हो जाती है। सूत्रों की मानें तो मूल्य तालिका नहीं होने के चलते रेलयात्रियों से मनमाना शुल्क वसूला जाता है।
मामले में जानकारी प्राप्त करने के लिए जब सुलभ इंटरनेशनल के स्थानीय प्रबंधक अजय कुमार सिंह से बात की गई तो उन्होंने बताया कि बीती रात बंदर मूल्य तालिका लेकर भाग गया था। जिसे पुन: वापस टांग दिया गया। हालांकि, उन्होंने नियमित रूप से इस तरह की बात से इनकार किया।