फ्लैग मार्च के दौरान महिला सिपाही अचेत होकर गिरी
पर्व त्योहार को देखते हुए जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए बुधवार को नगर में पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार के निर्देश पर फ्लैग मार्च का आयोजन किया गया।
बक्सर । पर्व त्योहार को देखते हुए जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए बुधवार को नगर में पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार के निर्देश पर फ्लैग मार्च का आयोजन किया गया। इस दौरान क्षमता से अधिक परिश्रम के कारण एक महिला सिपाही अचानक अचेत हो गिर पड़ी। जिसे तत्काल अस्पताल भेज कर इलाज कराया गया।
बुधवार की शाम एसपी के आदेश पर सदर डीएसपी सतीश कुमार के नेतृत्व में मुहर्रम को देखते हुए जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए फ्लैग मार्च का आयोजन किया गया। किला मैदान से शाम 6.45 में रवाना फ्लैग मार्च की टुकड़ी पीपी रोड, यमुना चौक, खलासी मुहल्ला, ज्योति चौक, अम्बेडकर चौक होते नया बाजार मठिया मोड़ तक गई थी। इस टुकड़ी में महिला पुलिस बल के जवानों को भी शामिल किया गया था। लगभग आठ किलोमीटर से अधिक की इस दूरी को तय करने में महिला पुलिस बल तो दूर पुरुषों के भी पसीने छूटने लगे थे। इसी बीच नया बाजार मस्जिद के पास पहुंचते ही एक महिला पुलिस की एक सिपाही प्रतीति कुमारी अचानक अचेत होकर गिर पड़ी। जिसे आनन-फानन में पीछे चल रहे वाहन से अस्पताल ले जाया गया। जहां इलाज के बाद वो स्वस्थ हो सकी। टुकड़ी में चल रही महिला पुलिस बल के जवानों ने बताया कि इतनी दूर तक बगैर पानी आदि की सुविधा के लगातार चलने से लगभग सभी को परेशानी हो चली थी। इस दौरान न तो कोई मेडिकल टीम साथ चल रही थी और न कोई एम्बुलेंस। जिससे किसी भी परेशानी की स्थिति में जवानों को मदद मिलती। कम से कम एम्बुलेंस तो साथ में जरूर होनी चाहिए थी। फ्लैग मार्च में एसआइ सरोज कुमार, एसआइ असलम शेर अंसारी समेत सैकड़ों महिला व पुरूष पुलिस बल के जवान शामिल थे।