बक्सर में नशे में धुत राजद नेता को छुड़ाने के लिए पुलिस गश्ती दल पर हमला, ASI गंभीर
बक्सर में नशे में धुत डुमरांव प्रखंड राजद अध्यक्ष और सोवा पंचायत के पूर्व मुखिया मनोज कुमार ठाकुर को छुड़ाने के लिए समर्थकों ने पुलिस पर हमला कर दिया।
बक्सर, जेएनएन। बिहार में शराबबंदी को मुंह चिढ़ाता हुआ एक और मामला सामने आया है। बक्सर के कृष्णब्रह्म थाना क्षेत्र के नोनिया डेरा में शुक्रवार की देर रात नशे में धुत डुमरांव प्रखंड राजद अध्यक्ष और सोवा पंचायत का पूर्व मुखिया मनोज कुमार ठाकुर को छुड़ाने के लिए ग्रामीणों ने पुलिस के गश्ती दल पर हमला बोल दिया। वारदात में एएसआइ बांका चौधरी और एक सिपाही गंभीर रूप से घायल हो गए। जिनका इलाज स्थानीय निजी क्लीनिक में चल रहा है। पुलिस पर हमला मामले में करीब एक दर्जन लोगों को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है। जबकि मनोज फरार हो गया है।
शराब के नशे में पुलिस से उलझे
मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार की रात्रि पुलिस गश्त पर निकली थी। इसी दौरान नोनियापुरा गांव के समीप पूर्व मुखिया शराब के नशे में पुलिस से उलझ गए। जिस पर पुलिस ने गिरफ्तार कर तलाशी ली तो शराब भी बरामद हुई। जिसके बाद पुलिस गिरफ्तार कर थाने ले जाने लगी, लेकिन रेलवे गुमटी बंद रहने के चलते पुलिस इंतजार करने लगी। तभी गांव के सैकड़ों लोग रेल ट्रैक पार कर पहुंच गए और सड़क पर चौकी रखकर ईंट-पत्थर से पुलिस पर हमला शुरू कर दिए। जिसमें एएसआई बांका चौधरी और एक सिपाही घायल हो गए। इसके बाद आरोपित मुखिया को ग्रामीण छुड़ा ले गए। इस मामले में पुलिस दर्जन भर लोगों को गिरफ्तार कर पूछताछ कर रही है। साथ ही अन्य हमलावरों को चिह्नित कर प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है।
पहले भी हुए हैं पुलिसकर्मियों पर हमले
बताते चलें कि इससे पूर्व वर्ष 2014 में 15 दिसंबर को पटना जिला के गौरीचक थाना के दारोगा रंजीत कुमार तथा स्थानीय थाना के तत्कालीन थानाध्यक्ष सुधीर कुमार नोनियापुरा गांव में एक टेंपो चोरी के आरोपित रामअशीष नोनिया को गिरफ्तार करने गए थे। तब दोनों दारोगा को बंधक बना कर लोगों ने पिस्टल छीन ली तथा जमकर मारपीट भी की गई थी। जिसमें दोनों दारोगा जख्मी हो गए थे। उसके बाद तत्कालीन एसपी जयंतकांत घटनास्थल पर पहुंच कर सरकारी पिस्टल बरामद किए थे। इस घटना को लेकर स्थानीय थाने में कांड संख्या 336/14 दर्ज की गई थी। जिसमें 20 नामजद तथा 40-50 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी। नोनियापुरा गांव में पुलिस पर हमले की यह दूसरी घटना है। डुमरांव डीएसपी केके सिंह ने कहा कि कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।