पुलिस द्वारा छात्र की पिटाई से भड़का आक्रोश
बक्सर बुधवार को वाहन जांच के दौरान पुलिस द्वारा एक छात्र की पिटाई को ले लोगों का आक्रोश्
बक्सर : बुधवार को वाहन जांच के दौरान पुलिस द्वारा एक छात्र की पिटाई को ले लोगों का आक्रोश चरम पर पहुंच गया। सैकड़ों की संख्या में लोगों ने थाना पर जाकर अपनी नाराजगी जताई। इसके बाद पुलिस को सॉरी प्लीज का सहारा लेकर मामले को रफा-दफा करना पड़ा। लगातार दूसरा दिन है जब पब्लिक की तरफ से पुलिस पर अकारण पिटाई करने का गंभीर आरोप लगा है। इससे पहले मंगलवार को गोला बाजार में फुटपाथ ही दुकानदार गंगोत्री देवी ने पुलिस पर अपने बेटा और स्वयं की पिटाई का आरोप लगाया था।
बुधवार की घटना में बताया जाता है कि थाना के पास ही रहने वाले व्यवसाई भीम सिंह बैंक में अपना काम निपटा रहे थे। तभी कोई जरूरी कागजात घर से मंगाने के लिए अपने बेटा अंकित सिंह को फोन किया जल्दबाजी में उनके लड़का बिना हेलमेट के बाइक लेकर निकल गया। डुमरांव थाना पर चल रहे वाहन चेकिग के दौरान हेलमेट नहीं होने के कारण पुलिस ने उसे रोका, जिसके बाद बहसबाजी हुई और पुलिस ने उसकी पिटाई कर दी। इसकी जानकारी मिलते ही बैंक से दौड़े भागे पिता डुमरांव थाना पहुंचे। यहां पुलिस वाले से विवाद हो गया। उसके बाद भीम सिंह के मूल गांव अरियाव से स्वजन और गांव के लोग थाना पर आ धमके। गांव से आए लोग पुलिस से अंकित के पिटाई का वजह जानना चाह रहे थे। बात बिगड़ते देख डुमरांव पुलिस ने समझाबुझा कर लोगों को वापस भेजा।