71वें गणतंत्र दिवस पर जिले भर में आन, बान और शान से लहराया तिरंगा
देश के 71वें गणतंत्र दिवस के मौके पर रविवार को उत्साह से भरे माहौल के बीच ऐतिहासिक किला मैदान पर आन बान और शान के साथ तिरंगा लहराया गया। मुख्य शासकीय समारोह में पर्यटन विभाग के मंत्री सह जिले के प्रभारी मंत्री कृष्ण कुमार ऋषि ने झंडोत्तोलन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि राज्य में विगत वर्षों में चहुंमुखी विका
बक्सर : देश के 71वें गणतंत्र दिवस के मौके पर रविवार को उत्साह से भरे माहौल के बीच ऐतिहासिक किला मैदान पर आन, बान और शान के साथ तिरंगा लहराया गया। मुख्य शासकीय समारोह में पर्यटन विभाग के मंत्री सह जिले के प्रभारी मंत्री कृष्ण कुमार ऋषि ने झंडोत्तोलन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि राज्य में विगत वर्षों में चहुंमुखी विकास हुआ है और इस जिला ने भी प्रगति के पथ पर कई उपलब्धियां हासिल की है, जो हमें गौरवान्वित करता है। इस दौरान उन्होंने जल, जीवन हरियाली अभियान, लोक शिकायत निवारण अधिनियम, प्रधानमंत्री आवास योजना, लोहिया स्वच्छता अभियान, मुख्यमंत्री ग्राम परिवहन योजना, मनरेगा, बाल विवाह, दहेज प्रथा समेत सरकार की सात निश्चय योजना आदि पर प्रकाश डाला।
इससे पूर्व समारोह में जिला प्रशासन के आलाधिकारियों के साथ प्रभारी मंत्री ने बिहार सैन्य पुलिस, जिला पुलिस, गृह रक्षा वाहिनी, एनसीसी एवं स्काउट एंड गाइड द्वारा परेड की सलामी ली। इसके बाद राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया। इस दौरान पूरा किला मैदान जन-गण-मन से गूंज उठा। वहां मौजूद लोग पूरे सम्मान के साथ खड़े होकर राष्ट्रगान गा रहे थे। कार्यक्रम का संचालन वरीय अधिवक्ता रामेश्वर प्रसाद वर्मा ने किया। मुख्य अतिथि प्रभारी मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा जल, जीवन, हरियाली अभियान का शुभारंभ किया गया है। इसके तहत कुआं, तालाब, आहर, पईन आदि का जीर्णोद्धार किया जाना है। उन्होंने कहा कि सामाजिक कुरीतियों को दूर करने के लिए बाल विवाह एवं दहेज प्रथा उन्मूलन के लिए राज्य सरकार द्वारा अभियान चलाया गया है। इस दौरान उन्होंने कल्याण विभाग, योजना एवं विकास विभाग, बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना, श्रम संसाधन, हर घर नल जल योजना, मुख्यमंत्री परिवहन योजना, जल, जीवन, हरियाली अभियान, मुख्यमंत्री ग्रामीण नाली-गली पक्कीकरण योजना, स्वास्थ्य विभाग, सहकारिता विभाग, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, शिक्षा एवं साक्षरता, सांख्यिकी, विद्युत, कृषि, आपदा, मुख्यमंत्री खेल विकास योजना, नगर विकास, कला संस्कृति एवं युवा विभाग, पर्यटन, बेरोजगारों को रोजगार आदि विभिन्न योजनाओं पर प्रकाश डाला तथा आंकड़ों के साथ विभागीय उपलब्धियों को उद्धृत किया। दूसरी तरफ समारोह देखने को लेकर कार्यक्रम से दो घंटे पूर्व से ही किला मैदान में लोगों का आना शुरू हो गया था। जिसमे सभी वर्ग के लोग शामिल थे। कार्यक्रम शुरू होने तक किला मैदान पूरी तरह से भर गया। समारोह में सदर विधायक संजय तिवारी, जिला जज हरिन्द्रनाथ, जिलाधिकारी राघवेन्द्र सिंह, पुलिस अधीक्षक उपेन्द्र नाथ वर्मा, सदर अनुमंडल पदाधिकारी कृष्ण कुमार उपाध्याय, जिला सूचना एवं जन संपर्क पदाधिकारी कन्हैया कुमार समेत जिले के अन्य वरीय अधिकारी एवं गण्यमान्य मौजूद थे।
परिवहन विभाग की झांकी को मिला प्रथम स्थान
किला मैदान में निकाली गई मनमोहक झांकियों में सड़क सुरक्षा पर बनाई गई परिवहन विभाग की झांकी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। इस क्रम में शिक्षा परियोजना के तहत बाल विवाह निषेध एवं जल, जीवन, हरियाली पर निकाली गई झांकी ने दूसरा तथा स्वसुधार सेवाओं पर मुक्त कारा द्वारा निकाली गई झांकी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।