बक्सर में वृद्धा की हत्या कर बधार में फेंक दिया शव, सिवान में चाकू मारने से तीन गंभीर
बक्सर में वृद्धा की चाकू गोदकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद उसके शव को गांव के बधार में फेंक दिया गया। वहीं सिवान में भी आपसी विवाद के बाद चाकूबाजी की गई।
बक्सर, जेएनएन। नावानगर थाना अंतर्गत बासुदेवा ओपी क्षेत्र के बधार में एक वृद्ध महिला की चाकू से गोद कर हत्या कर दी गई। सुबह बधार जाने के दौरान ग्रामीणों ने शव पड़ा देख पुलिस को इसकी सूचना दी। मृतक महिला का शव कब्जे में लेने के बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है। मृतका की पहचान बासुदेवा बिन्दटोली निवासी पुरबिया देवी उर्फ उमरिया देवी (55) पति स्व.अर्जुन बिंद के रूप में की गई है। ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार रविवार की रात पुरबिया देवी मालगुजारी पर लिए गए खेत में पंपसेट चलाकर रोपनी के लिए खेत तैयार करा रही थी। रात में वह चल रहे पम्पसेट के पास ही सोई हुई थी। इसी बीच किसी समय अज्ञात अपराधियों ने पम्पसेट पर पहुंच पूरबिया देवी को चाकू से गोदकर हत्या कर दी और शव को बगल के खेत में फेंक दिया।
पति की हो चुकी है मौत
ग्रामीणों ने बताया कि पूरबिया देवी की शादी कैमूर के भभुआ निवासी अर्जुन बिंद के साथ हुई थी। पति की मौत के बाद वो अपने मायके बिंदटोली में रहकर अपने माता पिता और परिवार के साथ मिलकर खेती से अपना भरण पोषण करती थी। हत्या की सूचना मिलते ही घटनास्थल पर डुमरांव डीएसपी केके सिंह, नावानगर थानाध्यक्ष संजय कुमार तथा बासुदेवा ओपी प्रभारी बिगाउ राम पहुंचकर जांच में जुट गए हैं। इस मामले में एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ में जुटी है। शव को कब्जे में लेकर पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
सिवानः आपसी विवाद में चाकूबाजी, तीन घायल
महराजगंज अनुमंडल स्थित राजेन्द्र चौक के समीप सिहौता निवासी शंभू सिंह और अनुराग कुमार के बीच किसी बात को ले कर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि अभी अगल बगल के लोग कुछ समझ पाते तब तक दोनों ओर से चाकूबाजी कर दी गई। वारदात में अनुराग कुमार, शंभू सिंह उनका पुत्र सोनू कुमार जख्मी हो गए। तीनों को पीएचसी में प्राथमिक उपचार कर सिवान रेफर कर दिया गया है।