जेसीबी से काटे पानी से भरे गढ्ढे में डूबकर वृद्ध की मौत
बक्सर धनसोइ थाना क्षेत्र अंतर्गत बन्नी गांव में सोमवार की शाम पानी से भरे गढ्ढे में डूब कर एक
बक्सर : धनसोइ थाना क्षेत्र अंतर्गत बन्नी गांव में सोमवार की शाम पानी से भरे गढ्ढे में डूब कर एक वृद्ध की मौत हो गई। खोजबीन के क्रम में शाम को शव बरामद करने के बाद पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हालांकि, पानी में डूबते किसी ने देखा नहीं है। बावजूद इसके गड्ढे की गहराई को देखते हुए अनुमान किया जा रहा है कि गिरने के बाद निकल नहीं पाने के कारण डूबने से मौत हुई है।
घटना के सम्बंध में मिली जानकारी के अनुसार 55 वर्षीय जीउत कुशवाहा सोमवार की सुबह 10 बजे के करीब मवेशियों के चारा के लिए घास काटने बधार में गए थे। दोपहर में वापस लौटने में देर होने के बाद घरवालों ने खोजबीन शुरु की। इस बीच खोजबीन के दौरान शाम में पानी से भरे गढ्ढे से वृद्ध का शव घर वालों ने बरामद कर लिया। इसकी सूचना मिलने के बाद घटनास्थल पर पहुंचे धनसोइ थानाध्यक्ष रौशन कुमार ने बताया कि वृद्ध का शव जेसीबी द्वारा मिट्टी काटने से बने पानी से भरे गढ्ढे से बरामद किया गया है। अनुमान किया जा रहा है कि घास काटने के दौरान ही मृतक फिसल कर गढ्ढे में गिरने के बाद निकल नहीं पाए होंगे, जिससे उनकी मौत हो गई। बताया जाता है कि दोपहर के आसपास हुई घटना के दौरान आसपास के खेतों में भी कही कोई किसान मौजूद नहीं था। जिससे, मृतक यदि मदद के लिए चिल्लाए भी होंगे तो कोई पहुंच नहीं सका। थानाध्यक्ष ने बताया कि मृतक का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। डन्होंने बताया कि गड्ढा इतना ही ज्यादा था कि उसमें गिरने के बाद निकल पाना संभव नहीं प्रतीत हो रहा था। इस संबंध में घरवालों ने भी हत्या की कोई आशंका नहीं जताई है। घटना की जानकारी राजपुर सीओ अवधेश प्रसाद को भी दे दी गई है। इधर मौत की खबर मिलते ही परिवार के सदस्यों का रोते रोते बुरा हाल है।