विज्ञान प्रदर्शनी में नन्हें-मुन्ने वैज्ञानिकों ने दिखाई प्रतिभा
डुमरांव के निशा नगर स्थित संत जॉन सेकेंडरी स्कूल में विज्ञान के प्रति नन्हें-मुन्ने छात्रों की बढ़ती रुचि का अंदाजा विज्ञान प्रदर्शनी में देखने को मिला। विज्ञान प्रदर्शनी का उद्घाटन मुख्य अतिथि स्कूल निदेशक डॉ.रमेश सिंह प्राचार्या निशा सिंह एलआइसी क्लब ग्लेक्सी एमडीआरटी (यूएसए) श्रीधर कुमार मिश्रा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित करने के उपरांत फीता काटकर किया।
बक्सर : डुमरांव के निशा नगर स्थित संत जॉन सेकेंडरी स्कूल में विज्ञान के प्रति नन्हें-मुन्ने छात्रों की बढ़ती रुचि का अंदाजा विज्ञान प्रदर्शनी में देखने को मिला। विज्ञान प्रदर्शनी का उद्घाटन मुख्य अतिथि स्कूल निदेशक डॉ.रमेश सिंह, प्राचार्या निशा सिंह, एलआइसी क्लब ग्लेक्सी एमडीआरटी (यूएसए) श्रीधर कुमार मिश्रा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित करने के उपरांत फीता काटकर किया।
इस मौके पर निदेशक डॉ.रमेश सिंह ने छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों के बीच पराली (फसल अवशेष) को खेत में जलाने से रोकने के लिए शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि स्वजनों एवं सगे-संबंधियों को प्रेरित कर फसल अवशेष खेतों में जलाने से होनेवाले नुकसान के बारे में लोगों को बताएंगे तथा फसल अवशेष को जलाने से रोकने के लिए उन्हें प्रेरित करेंगे। प्रदर्शनी में नए स्त्रोतों की बात हो या फिर किसी क्षेत्र में अधिक उत्पादन अथवा गुणवत्ता का मामला, हर क्षेत्र में विज्ञान के बढ़ते दखल को बच्चों ने सकारात्मक रूप में पेश किया। छात्र-छात्राओं ने परिवहन व्यवस्था के साथ अव्यवस्थित यातायात जैसे विषय को भी सहजता से पेश किया है। इसके अलावा ऊर्जा के साथ पर्यावरण संरक्षण और कृषि क्षेत्र में रसायनों के बजाए प्राकृतिक तरीकों से अधिक उत्पादन के तरीके भी बच्चों ने मॉडलों में बताए हैं। प्रदर्शनी का अवलोकन करने पहुंचे जिले के अतिथि एवं गणमान्य लोगों ने बच्चों की खूब तारीफ की। स्कूल निदेशक ने बताया कि नन्हें-मुन्ने छात्रों का छोटी उम्र में ही विज्ञान के प्रति रुझान बढ़े। यही स्कूल का मुख्य उद्देश्य है। इस मौके पर सैकड़ों अभिभावकों सहित शहर के दर्जनों गणमान्य अतिथि सहित अन्य लोग मौजूद थे।