सघन वाहन जांच से मचा हड़कंप, हुआ जुर्माना
अपराध नियंत्रण की दिशा में पुलिस अधीक्षक उपेंद्रनाथ वर्मा के आदेश पर प्राय बगैर किसी चेतावनी के औचक वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है। रविवार को एसपी के आदेश पर जिले के सभी थानाक्षेत्रों में वाहन जांच
बक्सर : अपराध नियंत्रण की दिशा में पुलिस अधीक्षक उपेंद्रनाथ वर्मा के आदेश पर प्राय: बगैर किसी चेतावनी के औचक वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है। रविवार को एसपी के आदेश पर जिले के सभी थानाक्षेत्रों में वाहन जांच अभियान चलाया गया। जबकि सोमवार को शहर के मुनीम चौक पर अचानक वाहन जांच शुरू कर दिया गया। इस दौरान जब्त वाहनों से जुर्माना वसूल किया गया।
जिले में झपट्टामार गिरोह की सक्रियता बढ़ने के साथ ही लूट और गोलीबारी की घटनाओं में बेतहाशा वृद्धि हुई है। अधिकांश वारदातों में बाइक सवार अपराधियों की सक्रियता पाई जा रही है। इसको देखते हुए पुलिस अधीक्षक के आदेश पर सोमवार को यातायात निरीक्षक अंगद सिंह के नेतृत्व में मुनीम चौक पर जांच अभियान चलाया गया। अचानक वाहन जांच शुरू होते ही हड़कंप मच गया। जांच के दौरान मुख्य रूप से पुलिस का ध्यान बगैर हेलमेट बाइक चालकों पर केंद्रित था। हालांकि, जिन लोगों ने हेलमेट पहन रखे थे वो जांच स्थल से गुजरने के बाद आगे जाकर बिना हेलमेट चलने वालों को आगाह करते जा रहे थे। जिससे जांच की जद में कम ही लोग आ सके। इस बीच लगभग डेढ़ दर्जन वाहनों को जब्त कर उनके कागजातों की जांच की गई। दोषी पाए गए चालकों से 15 हजार के लगभग जुर्माना वसूल किया गया। इसके पूर्व रविवार की दोपहर को भी जिले के सभी थाना क्षेत्रों में एसपी के आदेश पर एक साथ वाहन जांच का अभियान चलाया गया। जिससे वाहन चालकों में हड़कंप मचा रहा। इसके कारण सड़क पर दोपहिया वाहनों की संख्या काफी कम दिखाई देने लगी थी। महज कुछ घंटों के लिए चले जांच के दौरान बगैर हेलमेट पकड़े गए बाइक सवारों से हजारों रुपया जुर्माना वसूल किया गया है। औद्योगिक थानाध्यक्ष दिनेश कुमार ने बताया कि वाहन जांच में 11 हजार रुपया जुर्माना किया गया। वहीं नगर थाना द्वारा डेढ़ दर्जन से अधिक वाहनों को जब्त कर जुर्माना किया गया।