खरीफ महोत्सव में कृषकों को दी गई जानकारी
बक्सर। प्रखंड परिसर में सोमवार को खरीफ महोत्सव-2018 का आयोजन किया गया। जिसमें विभिन्न पंचायतों के कि
बक्सर। प्रखंड परिसर में सोमवार को खरीफ महोत्सव-2018 का आयोजन किया गया। जिसमें विभिन्न पंचायतों के किसानों ने अपनी भागीदारी सुनिश्चित कराई। महोत्सव का उद्घाटन बीडीओ प्रमोद कुमार और कृषि वैज्ञानिक देवकरण ने किया। इस दौरान कृषि वैज्ञानिक देवकरण ने मौसम के रूख को देखते हुए धान के बिचडा़ डालने एवं इसकी सुरक्षा के लिए किसानों को कई बिन्दुओं पर आवश्यक जानकारियां दी। वहीं, धान के अतिरिक्त ऊंची जमीन पर अरहर, मूंग एवं अन्य खरीफ फसलों द्वारा किसानों के समुचित विकास पर जोर दिया गया। किसानों को इसी जून माह में होने वाली खेती को काफी फायदेमंद एवं बेहतर कमाई का जरिया बताया गया। कृषि वैज्ञानिकों द्वारा श्रीविधि के जरिए जीरोटिलेज से धान की सीधी बोआई के लिए किसानों को उत्प्रेरित किया गया। वहीं, किसानों को फसल विविधता अपनाने, नर्सरी तैयार करने के तरीके, धान की रोपनी के विधिध संयंत्रों ड्रम सीड्स, जीरो टिलेज से सीधी बोआई एवं इसके लाभ पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। बिचड़ोपचार के महत्व पर प्रकाश डालते हुए धान के अधिकतम उत्पादन के लिए किसानों को उत्प्रेरित किया गया। धान के फसल में समय-समय पर खर-पतवार एवं खाद बीज का प्रयोग करने की प्रक्रिया पर जोर दिया गया। साथ ही, अनुदानित बीज, बीज ग्राम, यांत्रिकरण योजना, शंकर धान, तनावरोधी, पैडिट्रान्सप्लान्टर आदि की जानकारी दी गई। उपस्थित अधिकारियों में प्रखंड कृषि पदाधिकारी शौकत अली, अनुमंडल कृषि पदाधिकारी, कृषि समन्वयक, कृषि सलाहकार के साथ किसान उपस्थित थे। बेहतर प्रचार-प्रसार का अभाव एवं भीषण गर्मी के चलते किसानों की संख्या कम देखने को मिली।