15वें वित्त की राशि से गांव में खींची जाएगी विकास का रूपरेखा
बक्सर गांव के विकास में अब 15 वें वित्त की राशि सहायक होगी। स्थानीय प्रखंड में आयोजित पंचा
बक्सर : गांव के विकास में अब 15 वें वित्त की राशि सहायक होगी। स्थानीय प्रखंड में आयोजित पंचायत समिति की बैठक में सदस्यों को इस योजना मद से विकास योजनाओं का चयन किया गया। प्रखंड विकास पदाधिकारी संतोष कुमार ने योजना के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि 15 वें वित्त की राशि से सरकार की महत्वकांक्षी योजना जल जीवन हरियाली पर काम किया जा सकेगा।
हालांकि, योजना मद की 50 प्रतिशत राशि ही इस योजना पर खर्च की जाएगी। उन्होंने बताया कि सदस्य अपने पंचायत में इस योजना से सरकारी भवनों का जीर्णोद्धार, शवदाह गृह का निर्माण, यात्री शेड या फिर स्टैंड का निर्माण कर सकेंगे। बैठक में मनरेगा के तहत संचालित योजनाओं पर गहराई से चर्चा हुई। कई पंचायत के मुखिया ने मनरेगा जेई के कार्यशैली पर आवाज उठाते हुए कहा कि जेई के लापरवाही के चलते योजनाओं का सफल संचालन नहीं हो रहा है। हालांकि, सदस्यों के इस आपत्ति पर प्रखंड विकास पदाधिकारी संतोष कुमार तथा मनरेगा कार्यक्रम पदाधिकारी सुनील कुमार चौधरी ने तत्काल समस्या का समाधान करने का आश्वासन देकर सदस्यों को चुप कराया। बैठक में गरीब कल्याण योजना के अंतर्गत भी जमकर चर्चा हुई। जिसमें बकरी शेड मुर्गी शेड पशु शेड का प्राथमिकता के आधार पर निर्माण कराना महत्वपूर्ण है। ताकि, गरीब तबके के लोग पशुपालन कर सके। बीपीएल परिवार को पशुपालन के लिए प्रेरित कर मुर्गी पालन बकरी पालन सूअर पालन मत्स्य पालन तथा इस पर सरकार द्वारा निर्धारित सब्सिडी राशि की जानकारी दी गई। बैठक में गांव में वितरित हो रहे खाद्यान्न के बारे में गहन चर्चा हुई। हालांकि, आपूर्ति पदाधिकारी के प्रभार में चल रहे अंचलाधिकारी के अनुपस्थित रहने के कारण सदस्यों के कई सवालों का जवाब नहीं मिल सका। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड प्रमुख सविता पासवान ने की। बैठक का संचालन प्रखंड विकास पदाधिकारी संतोष कुमार ने किया। इस मौके पर उप प्रमुख संजय यादव और विभिन्न पदाधिकारियों के अलावा विभिन्न पंचायतों के पंचायत समिति सदस्य और मुखिया उपस्थित थे।