Move to Jagran APP

हुनर से जीवन में भर रहीं हौसले का रंग

बक्सर बक्सर शहर के अंबेडकर चौक के समीप रहनेवालीं निशब्द विनीता राय अपने हुनर से जिले

By JagranEdited By: Published: Sat, 22 Jan 2022 09:50 PM (IST)Updated: Sat, 22 Jan 2022 09:50 PM (IST)
हुनर से जीवन में भर रहीं हौसले का रंग
हुनर से जीवन में भर रहीं हौसले का रंग

बक्सर : बक्सर शहर के अंबेडकर चौक के समीप रहनेवालीं नि:शब्द विनीता राय अपने हुनर से जिले की बेटियों के जीवन में रंग भर रही हैं। जन्म लेते ही आवाज ने तो साथ छोड़ दिया था पर इन्होंने कभी हौसला नहीं छोड़ा। घर पर ही चित्रकला सहित अन्य हुनर में निपुणता हासिल की। शादी के बाद हुनरमंद विनीता ने खुद के साथ ही जिले की बेटियों को भी स्वावलंबी बनाने की ठानी। फिर नि:शब्द भावनाओं से लबरेज विनीता लड़कियों को चित्रकला, सिलाई-कढ़ाई, बुनाई सिखा उनके जीवन में हौसले का रंग भरने लगीं। अब वही हुनरमंद लड़कियां अपने परिवार का सहारा बन गई हैं। कोरोनाकाल में विनीता के मार्गदर्शन में रंग-बिरंगे डिजाइनदार मास्क बनाने की कला उन्हें लक्ष्य के और करीब ले गई। जिसकी मांग अब दिल्ली व मुंबई तक है। आनलाइन आर्डर द्वारा भी लोग इनके बनाए मास्क मंगवाते हैं। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के कमरपुर गांव निवासी सिविल इंजीनियर तारकेश्वर राय व बृजकुमारी राय की पुत्री विनीता राय की आवाज बड़े अस्पतालों में इलाज कराने के बाद नहीं लौटी। कुछ बड़ी हुई तो घर पर ही शिक्षा हासिल करने लगीं। माता-पिता ने चित्रकला में रुचि देखी तो उसके प्रशिक्षण की भी व्यवस्था की। इसके साथ ही सिलाई, कढ़ाई बुनाई में भी इन्होंने निपुणता हासिल की। साल 2007 में इनकी शादी गोविदपुर निवासी बिजनेसमैन बलिराम राय के साथ हुई। शादी के बाद इनकी दो बेटियां हुईं। विनीता राय ने अपने हुनर से बेटियों में हौसले का रंग भरने की पहल की। इसके बाद ये शहर के अंबेडकर चौक के समीप लड़कियों को चित्रकाला, सिलाई-कढ़ाई, बुनाई सिखाने लगीं। इनसे हुनर सीख कई लड़कियां आत्मनिर्भर बन गईं। मास्क बना भर रहीं मिथिला पेंटिग के रंग, लोग करते आनलाइन आर्डर

loksabha election banner

विनीता राय ने कोरोनाकाल में खुद मास्क बनाने के साथ ही लड़कियों को भी रंग बिरंगे मास्क बनाने की कला सिखाने की ठानी। ये डिजाइनर मास्क बनाकर उस पर मिथिला पेंटिग का रंग भरती हैं। इन डिजाइनर मास्क की बिक्री आनलाइन की जाती है। डिजाइनर मास्क के चित्र को वाट्स एप व फेसबुक पर अपलोड किया जाता है, उसे देखकर मुंबई, दिल्ली सहित कई बड़े शहरों के लोग डिजाइन पसंद कर आनलाइन आर्डर भेजते हैं। हाल ही में अमेरिका की एक दंपती ने इनके बनाए डिजाइनर मास्क के लिए आर्डर दिया है। बालगृह में रह रहे बच्चों को भी बना रहीं हुनरमंद

चित्रकला प्रतियोगिता में बिहार सरकार से सम्मानित हो चुकीं विनीता राय अब एक नई जिम्मेदारी भी संभाल रहीं हैं। समाज कल्याण विभाग ने इन्हें शहर के सुमेरश्वर स्थान में स्थित बालगृह में रह रहे अनाथ बच्चों को हुनरमंद बनाने की जिम्मेदारी दी है। अपने निशब्द भावना को कागज पर लिखकर इन्होंने बताया कि उनके सिखाए हुनर से बच्चे आगे चलकर अपने जीवन में कुछ बेहतर कर सकें, इससे बड़ी खुशी और क्या हो सकती है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.