शहर की आधा दर्जन दुकानों पर छापेमारी में मिले प्रतिबंधित थर्मोकोल के प्लेट
बक्सर प्रतिबंध के बावजूद प्लास्टिक की थैली में सामग्रियों की बिक्री दुकानदार कर रहे हैं। क
बक्सर : प्रतिबंध के बावजूद प्लास्टिक की थैली में सामग्रियों की बिक्री दुकानदार कर रहे हैं। कई जगहों पर थर्माकोल से बने पेपर प्लेट आसानी से मिल रहे हैं। प्रतिबंध होने के बाद भी प्लास्टिक व थर्माकोल बेचने की जानकारी पर नगर परिषद ने बुधवार को नगर में छापेमारी अभियान चलाया, जिसमें चीनी मिल से लगायत 11 नंबर लख तक पदाधिकारी पहुंचे। इसके तहत आधा दर्जन दुकानों पर छापेमारी हुई।
इस दौरान थर्माकोल से बने पेपर प्लेट अधिक मात्रा में बरामद किए गए। इस पर कार्रवाई करते हुए नगर परिषद ने आठ हजार रुपए का जुर्माना भी लगाया। कार्यपालक पदाधिकारी प्रेम स्वरूपम ने बताया कि छह दुकानों पर छापेमारी की गई है। इसमें दो तीन बोरी थर्मोकोल से बने प्लेट मिले हैं। जिस पर उचित कार्रवाई करते हुए जुर्माना लगाया गया है। दुकानदारों को प्रतिबंधित प्लास्टिक के उपयोग पर रोक लगाने की सख्त हिदायत दी गई है। दुबारा कोई प्लास्टिक बिक्री करते पकड़ा जाता है तो जुर्माने के साथ उचित कार्रवाई करने की बात कही गई है। गौरतलब हो कि प्रतिबंधित प्लास्टिक के प्रयोग पर सरकार द्वारा रोक लगाई गई हैं। इसके लिए पूर्व में दुकानदारों सहित आम लोगों को जागरूक किया गया था। कोई व्यक्ति प्लास्टिक की थैली तथा थर्माकोल से बने प्लेट उपयोग नहीं करें। इससे जानलेवा बीमारी फैलने की आशंका बनी रहती है। ऐसे में कई दुकानदार दुकानों में छिपा कर रखें थर्मोकोल के प्लेट बेच रहे हैं। जिस पर छापामारी कर नगर परिषद की टीम ने पकड़ लिया। इस छापेमारी के दौरान प्रधान सहायक यशवंत सिंह व नवीन कुमार पांडे सहित अन्य लोग उपस्थित थे।