नैनीजोर में गंगा नदी पर बना पीपा पुल को खोलने की कार्रवाई शुरू
बक्सर बिहार यूपी के सीमावर्ती क्षेत्र नैनीजोर में गंगा नदी पर बने पीपा पुल पर परिचालन रोक दिय
बक्सर : बिहार यूपी के सीमावर्ती क्षेत्र नैनीजोर में गंगा नदी पर बने पीपा पुल पर परिचालन रोक दिया गया और गंगा में जलस्तर बढ़ने के कारण विभाग द्वारा अब उसे खोलने की कार्रवाई शुरू कर दी गई। पुल को खोल दिए जाने के बाद अब चार महीने तक नाव का ही सहारा होगा।
ब्रह्मापुर अंचल के नैनीजोर गांव में बिहार घाट पर गंगा नदी में बना पीपा पुल बिहार यूपी के सीमावर्ती क्षेत्र का लाइफ लाइन है। नैनीजोर और यूपी के हल्दी के सामने बिहार राज्य पुल निर्माण निगम द्वारा पुल बनाया गया है। बरसात के मौसम में गंगा नदी का जलस्तर बढ़ जाने के कारण चार महीने के लिए इस पुल को खोल दिया जाता है और बरसात खत्म होने के बाद फिर से पुल को बना दिया जाता है। पुल के बन जाने के कारण दोनों राज्यों के बीच दूरी काफी कम हो जाती है। यूपी के सीमावर्ती क्षेत्र में खेती करने वाले इस पार के किसानों को काफी सुविधा भी होती है। इस पुल के बनने से सबसे बड़ा फायदा यह हुआ कि दोनों राज्यों के लोगों को आपसी रिश्ते और कारोबार के लिए आने जाने में काफी सहूलियत होती है।
चार महीने तक नौका बनता सहारा
पुल खोल दिये जाने का बाद चार महीने तक आने जाने का प्रमुख साधन नाव ही होता है। प्रतिदिन हजारों की संख्या में लोग नाव पर सवार होकर दोनों राज्यों के बीच आते जाते हैं। ऐसी स्थिति में नाव परिचालन के सारे नियमों की धज्जियां उड़ाई जाती है। निर्धारित क्षमता से अधिक लोगों को नाव पर भरकर इस पार से उस पार आने-जाने का काम करते हैं।
--------------------
मानसून का आगमन होने तथा गंगा नदी के जलस्तर में वृद्धि होने की संभावना को देखते हुए नैनीजोर के बिहार घाट पर बने पीपा पुल पर 15 जून से यातायात परिचालन बंद कर दिया गया है और इसके बाद पुल खोलने की कार्रवाई शुरू कर दी गई।
रामविलास यादव, वरीय परियोजना अभियंता, कार्य प्रमंडल, आरा।