पुलिस पकड़ने गई किसी को गलतफहमी में भागने लगा कोई और, छत से गिरकर चली गई जान Buxar News
मुफ्फसिल थाना क्षेत्र की मित्रलोक कॉलोनी में छत से गिरकर एक महिला खिलाड़ी से छेड़छाड़ करने के आरोपित की जान चली गई।
बक्सर, जेएनएन। शहर से सटे मुफ्फसिल थाना क्षेत्र की मित्रलोक कॉलोनी में बुधवार की देर रात छत से गिरकर एक महिला खिलाड़ी से छेड़छाड़ करने के आरोपित की जान चली गई। जबकि पुलिस दूसरे मामले में एक आरोपित को गिरफ्तार करने के लिए दबिश देने आई थी। मृतक की पहचान संदीप यादव की रूप में हुई है। घटना के बाद मुफ्फसिल थाने की पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है। मौत के बाद स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
लूट के मामले में गिरफ्तारी के लिए पहुंची थी पुलिस
बताया जाता है कि बुधवार की शाम चौसा में बिस्कोमान कर्मचारी से 2 लाख 90 हजार रुपये की लूट हुई थी। वारदात को बाइक सवार तीन लोगों ने अंजाम दिया था। इसी मामले में पीड़ित के बताए गए हुलिये में एक की पहचान मित्रलोक कॉलोनी निवासी विक्की मिश्रा के रूप में की गई थी। विक्की पहले भी आपराधिक मामले में जेल जा चुका है।
गलतफहमी में भागने लगा दूसरे मामले का आरोपित
बुधवार को हुई लूट के मामले में देर रात पुलिस की टीम विक्की मिश्रा को गिरफ्तार करने उसके घर पहुंची थी। विक्की के घर में ही एक महिला खिलाड़ी से छेड़छाड़ करने का आरोपित संदीप यादव छिपा था। पुलिस के आने की सूचना मिलते ही संदीप को लगा की छेड़छाड़ के मामले में उसे हिरासत में लेने के लिए कार्रवाई की जा रही है, एेसे में संदीप भागने लगा।
एक छत से दूसरी छत पर छलांग लगाने के दौरान फिसला पैर
इसी दौरान विक्की के घर की छत से बगल में रहने वाले स्व. श्रीनिवास चौबे की छत पर कूद गया। छलांग लगाने के दौरान उसका पैर फिसल गया और वो नीचे आ गिरा। जिससे घटना स्थल पर ही उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने संदीप के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।