मौसम का बदला मिजाज, 10 मिमी हुई वर्षा
अचानक गुरुवार को मौसम का मिजाज बदल गया। इस दौरान तकरीबन 10 मिलीमीटर वर्षा की माप की गई। कृषि विज्ञानी डॉ. देवकरण ने बताया कि फिलहाल होने वाली यह बारिश किसानों के लिए लाभप्रद है।
बक्सर । अचानक गुरुवार को मौसम का मिजाज बदल गया। इस दौरान तकरीबन 10 मिलीमीटर वर्षा की माप की गई। कृषि विज्ञानी डॉ. देवकरण ने बताया कि फिलहाल होने वाली यह बारिश किसानों के लिए लाभप्रद है।
बताया जाता है कि मौसम में अचानक आए इस परिवर्तन की वजह बंगाल की खाड़ी के मध्य पूर्वी भागों में चक्रवाती हवा का सिस्टम बनने से आया है। उम्मीद यह भी की जा रही है कि बारिश का यह दौर महीने के सप्ताहांत तक चल सकता है। बताते चलें कि गुरुवार की दोपहर बादलों का हुजूम आसमान में उमड़ पड़ा। जिससे हवा के साथ लगभग आधे घंटे बारिश हुई। इसके उपरांत थमे बादल दोबारा अपराह्न में झूमकर बरसे। हालांकि, मौसम का तेवर सुबह से ही कुछ बदला हुआ था। आसमान में बादल उमड़-घुमड़ कर रहे थे। जिससे बारिश की उम्मीद की जा रही थी। फिलहाल, कृषि विज्ञानियों ने कहा कि यदि बारिश होती है तो इसका भरपूर लाभ किसानों को मिलेगा। यह अलग बात है कि अमूमन किसान हस्त नक्षत्र में होने वाली बारिश का बेसब्री से इंतजार करते हैं। इस नक्षत्र के अंतिम दिनों में होने वाली बारिश का सबसे महंगी धातु सोना से तुलना की जाती है। उन्हें लगता है कि इस नक्षत्र में होने वाली बारिश उनके धान की फसल के लिए सोना बरसने जैसा है। कर्मकांडी रामेश्वर पंडित बताते हैं कि अभी उत्तरा नक्षत्र चल रहा है। हस्त नक्षत्र का आगमन 27 सितंबर की मध्य रात्रि बाद 3 बजकर 10 मिनट पर हो रहा है। जो 11 अक्टूबर को दिन के 3 बजकर 40 मिनट तक रहेगा। उन्होंने बताया कि इसके उपरांत चित्रा नक्षत्र का आगमन हो जाएगा।