आरा में क्रिकेट को ले उपजे विवाद के बाद युवक की गर्दन में मारी गोली, गंभीर हालत में पटना रेफर
टाउन थाना क्षेत्र के अहिरपुरवा मुहल्ले के तेली टोला में रविवार की सुबह मामूली विवाद को ले हथियारबंद लोगों ने एक युवक को गोली मार दी।
भोजपुर, जेएनएन। टाउन थाना क्षेत्र के अहिरपुरवा मुहल्ले के तेली टोला में रविवार की सुबह मामूली विवाद को ले हथियारबंद लोगों ने एक युवक को गोली मार दी। गोली उसके गर्दन में लगी है। इससे उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। घायल की पहचान बंटी (20) के रूप में हुई है। वारदात के सूचना पर टाउन थानाध्यक्ष जन्मेजय ने पुलिस के साथ घटना स्थल पहुंच गए हैं। बताया जाता है कि क्रिकेट को लेकर विवाद के बाद युवक को गोली मारी गई है। वारदात को अंजाम देकर आरोपित फरार हो गया है।
गंभीर हालत में पटना में किया रेफर
जख्मी को इलाज के लिए शहर के बाबू बाजार स्थित डॉ. विकास सिंह के प्राइवेट अस्पताल में ले जाया गया। जहां, से हालत गंभीर देख उसे पटना रेफर कर दिया गया है। पुलिस मौके पर पहुंचकर छानबीन में जुट गई है। घायल बंटी अहिरपुरवा निवासी सुदामा साह का पुत्र है।
कई दिनों से चल रहा था विवाद
जानकारी के अनुसार घायल अहिरपुरवा मोहल्ला निवासी बंटी का मुहल्ले के ही एक युवक के साथ विवाद चला आ रहा था। जिसे लेकर रविवार की सुबह दोंनो पक्षों में वाद-विवाद हो गया। दूसरे पक्ष के एक युवक भी सिर में चोटें आई हैं। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। शुरुआती जांच में क्रिकेट को लेकर उपजे विवाद की बात सामने आ रही है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। पुलिस कैंप कर रही है। बताया जाता है कि क्रिकेट खेलने के दौरान गांव के ही एक व्यक्ति से बंटी का विवाद हुआ था। इसी को लेकर रविवार को दोनों के बीच कहासुनी हो गई। जिसके बाद दूसरे पक्ष के लड़के ने बंटी को गोली मार दी।