बिहार के भोजपुर में विवाह का उत्सवी माहौल उपद्रव में बदला, समारोह में भिड़े बाराती- शराती, 12 घायल
सोमवार की देर रात जगदीशपुर थाना क्षेत्र के बैरही गांव में शादी समारोह के दौरान बाराती व शराती पक्ष सरेआम आपस में भिड़े गए। इस दौरान दोनों तरफ से जमकर लाठी-डंडा व ईंट-पत्थर चले। इसमें एक दर्जन लोग घायल हो गए।
भोजपुर, जेएनएन। जगदीशपुर थाना क्षेत्र के बैरही गांव में सोमवार की देर रात शादी समारोह के दौरान बाराती व शराती पक्ष सरेआम आपस में भिड़े गए। इस दौरान दोनों तरफ से जमकर लाठी-डंडा व ईंट-पत्थर चले। जिसमें करीब एक दर्जन लोग घायल हो गए। इस दौरान शामियान के अंदर तोड़फोड़ भी की गई। कुर्सी समेत अन्य सामानों को क्षतिग्रस्त कर दिया गया। विवाह का उत्सवी माहौल उपद्रव में बदल गया। बारातियों में भगदड़ मच गई। बाद में घायलों का इलाज जगदीशपुर अस्पताल में कराया गया। घटना रात करीब 11 बजे की है। घटना के मूल में नाच के दौरान उपजे विवाद की बात सामने आ रही है।
फतेहपुर गांव से आई थी बारात बताया जाता है कि पीरो अनुमंडल के सिकरहटा थाना के फतेहपुर गांव निवासी मनोज यादव की बारात सोमवार की रात जगदीशपुर के बैरही गांव में आई हुई थी। गांव के बाहर जनमासा लगा हुआ था। जहां, पर बारातियों के मनोरंजन को लेकर नाच का भी आयोजन था। इस दौरान महिला डांसरों के साथ ठुमका लगाने एवं पसंदीदा गीत बजवाने को लेकर बारातियों एवं शरातियों के बीच वाद-विवाद हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के लोग शामियाना में सरेआम भिड़ गए। मारपीट शुरू हो गई। लाठी-डंडा व ईंट-पत्थर चलने से अफरातफरी मच गई। इस दौरान झड़प में फतेहपुर गांव के रमेश कुमार, संजय यादव, सुलेमन ¨सह, राज किशोर ¨सह एवं सनदियां गांव निवासी रिश्तेदार पप्पू कुमार समेत करीब एक दर्जन लोग घायल हो गए।
पूर्व विधायक ने पहुंचाया अस्पताल
इधर, जगदीशपुर के पूर्व विधायक भाई दिनेश ने बताया कि रात करीब 11 ग्यारह बजे दूल्हा मनोज यादव ने फोन कर घटना की जानकारी दी। जिसके बाद उन्होंने फोन कर जगदीशपुर थाना पुलिस को सूचना दी। लेकिन, घटनास्थल पर पुलिस नहीं पहुंची। बाराती पक्ष के एक दर्जन लोगों को चोटें आई हैं। शामियाना में रखी कुर्सियों को तोड़ दिया गया। नाच बंद करा दिया गया। झड़प के बाद कई बाराती भयभीत होकर भाग खड़े हुए। उस समय वे एक शादी समारोह में बक्सर जिले में थे। सूचना मिलते ही वे खुद पहुंच गए। लेकिन, पुलिस नहीं पहुंची। इसके बाद सभी घायलों को एम्बुलेंस मंगाकर अस्पताल भेजा गया।