विवाहिता की हत्या का आरोप लगा किया हंगामा
भोजपुर जिले के अगिआंव बाजार थाना क्षेत्र के अगिआंव बाजार गांव में आग से जलकर एक विवाहिता की मौत के मामले में नया मोड़ आ गया है।
आरा। भोजपुर जिले के अगिआंव बाजार थाना क्षेत्र के अगिआंव बाजार गांव में आग से जलकर एक विवाहिता की मौत के मामले में नया मोड़ आ गया है। मृतका के बड़े भाई ने मारपीट करने के बाद जलाकर हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। इसे लेकर हो-हंगामा भी मचाया गया। मृतका 21 वर्षीया अनीता देवी अगिआंव बाजार गांव निवासी रौशन शर्मा की पत्नी थी। शव का पोस्टमार्टम शनिवार की देर रात सदर अस्पताल, आरा में कराया गया। इसे लेकर काफी देर अफरातफरी मची रही। पुलिस मामले की छानबीन कर रही हैं। थानाध्यक्ष फुरकान अहमद ने बताया कि मृतका के मायके वालों से बात हुई है। उनके आवेदन के आधार पर ही एफआईआर दर्ज किया जाएगा।
--
शादी के बाद से प्रताड़ित करने का आरोप
आरा टाउन थाना क्षेत्र के भलुहीपुर मुहल्ला निवासी भोला शर्मा की पुत्री अनीता की शादी सन 2016 में अगिआंव बाजार गांव निवासी गुलाब शर्मा के पुत्र रौशन शर्मा से हुई थी। आरोप हैं कि शादी के एक वर्ष बाद से ही ससुराल वालों द्वारा विवाहिता को कभी पैसे को लेकर तो कभी नापसंद होने का आरोप लगाकर प्रताड़ित किया जाता था। मृतका के बड़े भाई दीपक शर्मा ने ससुराल वालों पर ही जलाकर मारने का आरोप लगाया है। जबकि, दूसरी ओर मृतका के पति को रौशन शर्मा बताया कि गुरुवार को गैस चूल्हे पर उसकी पत्नी दूध गर्म कर रही थी कि उसी दौरान वह आग की चपेट आकर बुरी तरह झुलस गई थी।जिसके बाद उसे इलाज के लिए वे लोग रोहतास जिला के बिक्रमगंज स्थित एक निजी अस्पताल में ले गए थे। जहां, इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।इसके बाद उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। मृतका को एक वर्ष की एक बच्ची रागिनी कुमारी है। घटना के बाद मृतका के घर में कोहराम मच गया। सूचना मिलने पर मायके के लोग अस्पताल पहुंच गए थे। मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। आसपास के लोग ढांढस बंधाने में लगे थे।
--
पोस्टमार्टम होने में विलंब होने पर भड़के स्वजन
सदर अस्पताल, आरा में शनिवार की देर रात पोस्टमार्टम होने में विलंब होने पर स्वजन आक्रोशित हो गए। इस दौरान स्वजनों ने हो-हंगामा मचाया। बाद में दइसकी सूचना टाउन इंस्पेक्टर धर्मेन्द्र कुमार को दी गई। जिसके बाद पुलिस पहुंच गई।बताया जा रहा कि रात में दस बजे के पहले पोस्टमार्टम आया था। दूसरे डॉक्टर का कहना था कि उनकी ड्यूटी में शव नहीं आया है। इसलिए पोस्टमार्टम वे नहीं करेंगे। बाद में वरीय पदाधिकारियों के पास मामला पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम हुआ।