दरवाजे पर बैठे अधेड़ को गोली मारी
भोजपुर जिले के सहार थाना क्षेत्र अन्तर्गत एकवारी गांव में गुरुवार की रात हथियारबंद बदमाशों ने पूर्व के विवाद को लेकर दरवाजे पर बैठे एक अधेड़ को गोली मार दी।
आरा। भोजपुर जिले के सहार थाना क्षेत्र अन्तर्गत एकवारी गांव में गुरुवार की रात हथियारबंद बदमाशों ने पूर्व के विवाद को लेकर दरवाजे पर बैठे एक अधेड़ को गोली मार दी। हमले में घायल बुजुर्ग को इलाज के लिए सदर अस्पताल, आरा में भर्ती कराया गया है। घायल 55 वर्षीय फौजदार सिंह एकवारी गांव के निवासी है। जख्मी अधेड़ को दायें जांघ एवं दायें हाथ में गोली लगी है। इधर, घायल फौजदार सिंह ने बताया कि करीब एक माह पूर्व उनके चाचा से गांव के ही कुछ लोगों का झगड़ा हुआ था। जिसको लेकर वाद- विवाद चला आ रहा था। गुरुवार की रात में जब वे अपने चाचा के साथ घर के दरवाजे पर बैठे थे कि उसी दौरान दस की संख्या में रहे हथियार बंद तत्व लोग वहां आ धमके और उन्हें गोली मार दी।जिससे वे गंभीर रूप से जख्मी हो गए।इसके बाद उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल,आरा लाया गया। घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष मनिन्द्र कुमार घटनास्थल पर पहुंच गए। पुलिस वारदात कोई लेकर हर ऐंगल पर मामले की छानबीन में जुट गई है। वारदात को लेकर दस के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।