भोजपुर में पंखे से लटका मिला शिक्षक का शव
भोजपुर जिले के हसनबाजार ओपी (पीरो) अंतर्गत हसन बाजार गांव स्थित एक घर से सोमवार की सुबह पंखे से लटकते हालत में एक शिक्षक का शव बरामद किया गया।
आरा। भोजपुर जिले के हसनबाजार ओपी (पीरो) अंतर्गत हसन बाजार गांव स्थित एक घर से सोमवार की सुबह पंखे से लटकते हालत में एक शिक्षक का शव बरामद किया गया। जिसके बाद गांव में सनसनी फैल गई। गले में गमछा बंधा हुआ था। मृतक 35 वर्षीय मुकेश कुमार हसन बाजार गांव निवासी विरेंद्र प्रसाद उर्फ बिदु सेठ का पुत्र था। वह पीरो के उच्च विद्यालय, जमोढ़ी में शारीरिक शिक्षक के पद पर कार्यरत था। शव का पोस्टमार्टम सदर अस्पताल में कराया गया। गले में फंदा के जख्म का निशान पाया गया है। पुलिस शुरूआती जांच में इस घटना को खुदकुशी से जोड़कर जांच कर रही है। वैसे स्वजन अनहोनी की आशंका जता रहे हैं।
मायके गई थी पत्नी तभी हुई घटना
बताया जाता है कि हसन बाजार निवासी बीरेन्द्र प्रसाद के दो पुत्रों में मुकेश बड़ा था। उसका छोटा भाई रवि कुमार सूरत में ठेकेदारी करता है। मुकेश और रवि दोनों शादीशुदा है। मुकेश की शादी दस साल पूर्व औरंगाबाद में हुई थी। मुकेश की पत्नी अंजू छठ के दौरान अपने दोनों बच्चों (नौ वर्षीय बेटी व आठ वर्षीय बेटा) के साथ मायके गई थी। तब से मायके में ही है। इधर, रविवार की रात मुकेश अपने नए घर के कमरे में सोने गया हुआ था। सुबह आठ बजे तक उसके कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो परिजनों को किसी अनहोनी की आशंका हुई। परिजनों ने काफी प्रयत्न के बाद जब दरवाजा खोला तो कमरे में मुकेश का शव पंखे से लटकता पाया गया। सोमवार की सुबह मृतक की पत्नी अपने मायके औरंगाबाद जिले के धरनी धर रोड में थी, तब इस मनहूस घटना की जानकारी हुई। अपने मायके में रह रही थी। नए मकान में चाबी बरामदे में रख दिया था।
----
10 साल पहले हुआ था शिक्षक के पद पर बहाल
पुलिस सूत्रों के अनुसार शिक्षक का दांपत्य जीवन अच्छा नहीं था। जिसके चलते खुदकुशी की बात सामने आ रही है। वैसे, पुलिस अपने स्तर से मामले की छानबीन कर रही है। बताया जाता है कि मुकेश की नौकरी दस वर्ष पूर्व हुई थी। मृतक अपने दो भाइयों में बड़ा था। मृतक के परिवार में पत्नी अंजू देवी, एक पुत्र आदित्य कुमार एवं एक पुत्री अवंतिका कुमारी है। मौत के बाद मृतक के घर में कोहराम मच गया है। पत्नी अंजू देवी एवं परिवार के सभी सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल था। पिता की आंखों से भी आंसू नहीं थम पा रहा है।