तीन सगी बहनों समेत छह लोग झुलसे, एक की हालत गंभीर
भोजपुर जिला के अलग-अलग जगहों पर शनिवार की रात आग लगने व खौलते माड़ से गिरने से तीन सगी बहनों समेत छह लोग झुलस गए। जिसमें एक बच्ची की हालत गंभीर है। जिसे चिताजनक हालत में सदर अस्पताल आरा से पटना रेफर कर दिया गया है।
आरा। भोजपुर जिला के अलग-अलग जगहों पर शनिवार की रात आग लगने व खौलते माड़ से गिरने से तीन सगी बहनों समेत छह लोग झुलस गए। जिसमें एक बच्ची की हालत गंभीर है। जिसे चिताजनक हालत में सदर अस्पताल, आरा से पटना रेफर कर दिया गया है। जबकि, अन्य घायलों का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है। घायलों में एक मां और बेटी भी है। बच्चे के छठिहार के दौरान हुए हादसे को लेकर काफी देर अफरातफरी मची रही। मिली जानकारी के अनुसार टाउन थाना क्षेत्र के बिद टोली मुहल्ला निवासी बंगाली बिद के घर बच्चे के जन्म को लेकर छठीहार था। भोज को लेकर काफी लोग भी जुट थे। खाना खिलाने का भी कार्यक्रम चल रहा था। इस दौरान चावल बनाने के दौरान चूल्हा से उतारा गया गर्म माड़ का बर्तन गिर गया। जिसमें बिद टोली निवासी जीउत बिद की तीन पुत्रियां अंजली कुमारी (4 वर्ष), पिकी उर्फ बेबी कुमारी (3 वर्ष) तथा नेहा कुमारी (6वर्ष) झुलसकर घायल हो गई। इसके अलावा हलवाई विन्देश्वरी बिद भी झुलस गया। बाद मे सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल, आरा के इमरजेंसी कक्ष मे लाया गया। घर में अफरातफरी मच गई। इसी तरह बड़हरा थाना क्षेत्र के पैगा गांव निवासी मो. सदन के घर मे शनिवार की रात खाना बनाने के दौरान ढिबरी गिरने से आग लग गई। घर में रखे सामान को बचाने में मो. सदन की पत्नी जाहीदा खातून तथा पुत्री जीना खातून झुलस गई। बाद में इलाज के लिए सदर अस्पताल, आरा लाया गया । जहां उनका इलाज चल रहा है।