सूखाग्रस्त घोषित प्रखंडों की सूची में बिहिया का नाम गायब
सरकार द्वारा सूखाग्रस्त घोषित प्रखंडो की सूची में बिहिया प्रखंड का नाम नहीं होने को लेकर प्रखंड क्षेत्र के लोगों में आक्रोश देखा जा रहा है।
आरा। सरकार द्वारा सूखाग्रस्त घोषित प्रखंडो की सूची में बिहिया प्रखंड का नाम नहीं होने को लेकर प्रखंड क्षेत्र के लोगों में आक्रोश देखा जा रहा है। राजद पंचायती राज प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष पूर्व मुखिया मुराद हुसैन ने प्रतिक्रिया व्यक्त करते कहा कि सूखाग्रस्त प्रखण्डों में बिहिया प्रखंड का शामिल नहीं होना दुर्भाग्यपूर्ण है। यह निर्णय बिहिया प्रखंड के किसानों के साथ अन्याय है। प्रखंड के किसान द्वारा लगाए गयी धान की फसल पानी के अभाव में सूख रहा है। कुछ किसान बन्धु निजी बो¨रग से पनवट कर फसल को बचाने का जंग लड़ रहे हैं। परंतु डीजल की बढ़ी कीमत से अब उनकी हिम्मत जवाब दे रही है। बिहिया प्रखंड के किसानों की हालत क्या है इसका भौतिक सत्यापन कर देखा जा सकता है। सूखाग्रस्त घोषित किये जाने में कौन सा पैमाना अपनाया गया जिससे बिहिया प्रखंड इससे वंचित हो गया यह किसान को बताया जाना चाहिए। श्री हुसैन ने जिला पदाधिकारी भोजपुर सहित कृषि मंत्री एवं मुख्यमंत्री से बिहिया प्रखंड का पुन: सर्वे कराकर सूखाग्रस्त में शामिल करने का मांग किया है।