स्कूल व कॉलेजों में पढ़ने वाली बेटियां अब खुद करेंगी आत्मरक्षा
पॉक्सो एवं छेड़खानी जैसी घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस पुलिस सतर्क हो गई है।
आरा। पॉक्सो एवं छेड़खानी जैसी घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस पुलिस सतर्क हो गई है। ऐसे में छात्राओं को आत्मनिर्भर बनाने की अनोखी पहल शुरू की गई है। भोजपुर के प्रभारी एसपी सुधीर कुमार पोरिका के आदेश पर महिला अफसरों की टीम बुधवार को शहीद भवन स्थित महंथ महादेवानंद महिला महाविद्यालय में पहुंची। जहां, पर करीब 50 से अधिक छात्राओं को सुरक्षा के मद्देनजर जागरूक किया गया। महिला थाना की दारोगा अपराजिता एवं नीता कुमारी ने महिला कॉलेज की छात्राओं को फेसबुक से दूर रहने एवं अपरिचितों को फ्रेंड नहीं बनाने की नसीहत दी। महिला अफसरों ने यह भी समझाया कि केवल परिचित को ही अपना दोस्त बनायें। घर से कॉलेज आने एवं जाने के दौरान परिवार से संपर्क बनाये रखें। छात्राओं को थाना का मोबाइल नंबर दिया गया। साथ ही किसी भी तरह की अनहोनी की आशंका होने पर पुलिस को सूचित करने की सलाह दी गई। उन्हें यह भी बताया गया कि रास्ते में आने-जाने के दौरान अगर कोई लफंगा छेड़खानी करता हैं तो बेहिचक संबंधित थाना या हेल्प लाइन सेंटर को फोन पर तत्काल सूचित करें। पुलिस त्वरित कार्रवाई करेगी। कानून संबंधी जानकारी भी दी गई।
---------------
एक रोज पहले एसपी ने सौंपा था टास्क
आपको बताते चलें कि एक रोज पहले ही एसपी सुधीर कुमार पोरिका ने भोजपुर में कार्यरत करीब बारह महिला पुलिस पदाधिकारियों के साथ आवश्यक बैठक की थी। साथ ही कॉलेज एवं स्कूलों में पढ़ने वाली छात्राओं को सुरक्षा के मद्देनजर जागरूक करने का टास्क सौंपा था। इसे लेकर छात्राओं के बीच जाकर जागरुकता अभियान चलाए जाने के निर्देश दिए गए है। अभियान के तहत विशेष कर यौन अपराध संरक्षण यानि पॉक्सो कानूनी के बारे में जानकारी दी जाएगी। खासकर कानून में जो संशोधन हुआ हैं उसके बारे में बताया जाएगा। एसपी ने साफ निर्देश दिया हैं कि सभी महिला पदाधिकारी किसी ना किसी हाई स्कूल एवं कॉलेजों में जरूर जायें और उसमें पढ़ने वाली छात्राओं को सोशल मीडिया के दुरूपयोग से दूर रहने के साथ-साथ पॉक्सो को लेकर संशोधन कानून, महिला हेल्प लाइन एवं महिला आयोग के बारे में विस्तार से जानकारी दें। साथ ही भविष्य में किसी भी तरह की परेशानी होने पर पुलिस का नंबर उपलब्ध कराने का भी निर्देश दिया गया है। जिले के अलग-अलग थानों में तैनात करीब 12 महिला पुलिस पदाधिकारियों को यह जिम्मारी सौंपी गई है। जिसे लेकर पहल शुरू हो गई है।
----
इंस्टाग्राम व फेसबुक से दूर रहने की दी गई सलाह
टाउन थाना महिला पुलिस अधिकारी नीता कुमारी और अपराजिता कुमारी ने लड़कियों को बताया कि जब भी आप लोगो के साथ इस तरह की घटना हो तो आप इसकी सूचना महिला थाना या महिला हेल्पलाइन नंबर पर तुरंत दें। महिला पुलिस अधिकारी ने बताया कि 18 साल की कम उम्र की लड़कियों के साथ इस तरह की घटना अगर होती है, तो वह पॉक्सो एक्ट के तहत आता है। जिसमे आरोपियों को पांच साल की कैद और जुर्माना भी हो सकता है। वही मौके पर मौजूद महिला पुलिस अधिकारी नीता कुमारी ने बताया कि लड़कियों को सोशल मीडिया पर जैसे इंस्टाग्राम, फेसबुक पर अपने फोटो अपलोड ना करें किसी अनजान व्यक्तियों का फ्रेंड्स रिक्वेस्ट एक्सेप्ट ना करें। कॉलेज या विद्यालय आने जाने के क्रम में अगर कोई अनजान व्यक्ति आपका पीछा करता दिखे तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस या घर वालों को दें। इस तरह की बातें महिला पुलिस अधिकारियों ने मौके पर मौजूद लड़कियों को बताया गया।