माचिस के विवाद में डीलर के बेटे को गोली मारी
भोजपुर जिले के कोईलवर थाना क्षेत्र के मोखलिसा गांव में शनिवार की देर शाम हथियारबंद लोगों ने एक युवक को गोली मार दी।
आरा। भोजपुर जिले के कोईलवर थाना क्षेत्र के मोखलिसा गांव में शनिवार की देर शाम हथियारबंद लोगों ने एक युवक को गोली मार दी। जिसमें वह घायल हो गया। बाद में पुलिस ने छापेमारी कर मुख्य आरोपी मो.हैदर को धर दबोचा। इस दौरान हमले में घायल युवक को आनन-फानन में इलाज के लिए पहले सदर अस्पताल,आरा लाया गया। जहां, से उसे पटना रेफर कर दिया गया। गोली उसके पेट के भाग में लगी हैं, जो अंदर फांसी हुई है। घटना के मूल में फ्री के माचिस को लेकर उपजे विवाद की बात सामने आ रही है। घायल युवक गौरीशंकर राम (20 वर्ष) मोखलिसा गांव निवासी जन वितरण प्रणाली दुकानदार सुरेश राम का पुत्र बताया जाता है। घटना देर शाम करीब साढ़े सात बजे के आसपास की है। पुलिस ने एक आरोपी के पकड़े जाने की पुष्टि की है। जानकारी के अनुसार कोईलवर के मोखलिसा गांव निवासी जन वितरण प्रणाली दुकानदार सुरेश राम के घर रिश्तेदार आए हुए थे। डीलर का पुत्र गौरीशंकर राम अपने रिश्तेदार करिया को लेकर गांव के ही मो. मुमताज के गुमटीनुमा दुकान पर सिगरेट खरीदने गया हुआ था। सिगरेट का पॉकेट खरीदने के बाद रिश्तेदार ने दुकानदार से फ्री में माचिस मांगा है। रिश्तेदार का कहना था कि सिगरेट के पॉकेट पर फ्री माचिस लिखा हुआ है। इस दौरान दुकान के बगल में खड़े मो.हैदर ने यह कहकर विरोध करना शुरू कर दिया कि फ्री में माचिस नहीं मिलेगा। जिसके बाद विवाद ने तूल पकड़ लिया। इस दौरान बंदूकें भी तन गई। इसके बाद बदमाशों ने डीलर के बेटे गौरीशंकर राम को गोली मार दी। जिसके बाद गांव में सनसनी फैल गई। बाद में गोली से घायल युवक को इलाज के लिए सदर अस्पताल,आरा लाया गया। बाद में सूचना मिलने पर कोईलवर थानाध्यक्ष ब्रजेश कुमार सिंह भी वहां पहुंच गए। ग्रामीणों के सहयोग से मुख्य आरोपी को धर दबोचा। हालांकि, घटना में प्रयुक्त हथियार बरामद नहीं हो सका। इधर, पेट के भाग में गोली फंसे होने के कारण डॉक्टर ने युवक को सदर अस्पताल,आरा से पटना रेफर कर दिया। लेकिन, परिजन घायल को लेकर बाबू बाजार स्थित डॉक्टर विकास सिंह के क्लिनिक पर लेकर चले गए। इधर, समाचार लिखे जाने तक डॉक्टर सिंह ऑपरेशन कर घायल की जिदगी बचाने के प्रयास में लगे हुए थे। कोईलवर थानाध्यक्ष ने बताया कि अभी तक मुख्य आरोपी हैदर को गिरफ्तार किया गया है। फर्दबयान आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। परिजनों ने तीन-चार राउंड फायरिग किए जाने का आरोप लगाया है। इसे लेकर दो गुटों में तनाव गहरा गया है।