भोजपुर में युवक का शव कुएं से मिला, हत्या का आरोप
भोजपुर जिले के सिकरहटा थाना क्षेत्र के रन्नी हाई स्कूल के समीप स्थित कुएं से मंगलवार की रात एक युवक का शव बरामद किया गया।
आरा। भोजपुर जिले के सिकरहटा थाना क्षेत्र के रन्नी हाई स्कूल के समीप स्थित कुएं से मंगलवार की रात एक युवक का शव बरामद किया गया। मृतक 25 वर्षीय विकास राय रन्नी गांव निवासी उमेश राय का पुत्र था। बुधवार की सुबह शव का पोस्टमार्टम सदर अस्पताल में कराया गया। पोस्टमार्टम के दौरान डॉक्टर ने बिसरा प्रिर्जव कर दिया है। इधर, स्वजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए सदर अस्पताल में हो-हंगामा भी मचाया। बाद में थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार ने अस्पताल पहुंचकर स्वजनों से भी पूछताछ भी की। सूत्रों के अनुसार पुलिस इस मामले में डुमरियां गांव से दो भाइयों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। हालांकि, मृतक की मां रेणु देवी व मामा वीरेन्द्र राय ने जमीन व पैसा हड़पने की नीयत से हत्या का आरोप लगाया है। अभी जांच चल रही है।
------
छह दिनों से लापता चला आ रहा था विकास
इधर मृतक के चाचा कृष्णा राय व बृजेश कुमार ने बताया कि तरारी थाना क्षेत्र के डुमरिया गांव निवासी एक मिस्त्री ने शौचालय बनाने को लेकर पैसा लिया था। विकास राय पैसा के तगादा में ही 14 जनवरी की शाम अपने घर से डुमरियां गांव में मिस्त्री सेराजु के यहां गया हुआ था। लेकिन, उसने पैसा नहीं लौटाया। इस दौरान वह घर वापस नहीं लौटा। परिजनों ने 15 जनवरी तक वापस घर लौटने का इंतजार किया। लेकिन, जब वह घर वापस नहीं लौटा तो काफी खोजबीन की। लेकिन, कुछ पता नहीं चल पाया। जिसके बाद मृतक के चाचा डुमरिया गांव निवासी मिस्त्री के घर गए और पूछताछ की। मिस्त्री के भाई नेयाजुद्दीन ने बताया कि विकास को घर छोड़ दिया गया था। इस बीच मंगलवार की शाम मृतक का शव रन्नी गांव के ही हाई स्कूल के समीप एक कुएं से बरामद होते ही सनसनी फैल गई। मृतक के चाचा ने शौचालय बनाने को लिए दिए गए पैसे के विवाद को लेकर हत्या कर शव को कुएं में फेंके जाने का आरोप लगाया है।
---
मां का आरोप जमीन हड़कपने के लिए की गई हत्या
दूसरी ओर मां रेणु देवी व बेलाऊर निवासी मृतक के मामा बीरेन्द्र राय ने जमीनी विवाद को लेकर रन्नी गांव के ही तीन लोगों व इटहुरी गांव के एक व्यक्ति पर हत्या कर शव को कुएं फेंके जाने का आरोप लगाया है। पूर्व में पांच कट्ठा जमीन रजिस्ट्री कराई गई थी। पुन: छह कट्ठा जमीन खिला-पिलाकर लिखवाना चाहते थे। हालांकि, पुलिस अपने स्तर से इस मामले की छानबीन कर रही है। बताया जाता है कि मृतक की शादी तीन वर्ष पूर्व बेलाऊर गांव में हुई थी। लेकिन, शादी के एक महीने बाद से ही उसकी पत्नी ने उसे छोड़ दिया था और उसने दूसरी शादी कर ली थी। मृतक अपने मां-बाप का इकलौता संतान था। मृतक के परिवार में सिर्फ एक मां रेणु देवी है। मौत के बाद मृतक के घर में कोहराम मच गया। हादसे के बाद मृतक की मां रेणु देवी एवं परिवार के सभी सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल था।