महात्मा गांधी को भगवान मानता यह कपल, उनकी प्रतिमा के सामने ही की शादी
बिहार के आरा में एक प्रेमी जोड़े की शादी चर्चा में है। उन्होंने महात्मा गांधी को ही भगवान मानकर उनकी प्रतिमा के सामने शादी कर ली।
पटना [अमित आलोक]। बिहार के आरा में हुई इस अनोखी शादी की चर्चा दूर-दूर तक हो रही है। एक जोड़े ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को ही भगवान मानकर उनकी प्रतिमा के सामने शादी कर ली। यह शादी हिंदु रीति-रिवाज के अनुसार पंडित ने कराई। इस दौरान महिलाओं ने मंगलवार गीत भी गाए।
आरा शहर के नागरी प्रचारिणी महादलित टोला में रहने वाले गुड़िया और सन्नी राम स्थानीय सदर अस्पताल में सफाई का काम करते हैं। गुडि़या की शादी 10 साल पहले हुई थी, लेकिन उसके पति की मौत शादी के दो साल बाद ही हो गई। गुड़िया को पहले से आठ साल का एक बेटा भी है।
पति की मौत के बाद गुडि़या करीब एक साल पहले सन्नी के संपर्क में आई। दोनों ने शादी का फैसला किया और बुधवार को मंदिर जाने के बदले सदर अस्पताल कैंपस में महात्मा गांधी की प्रतिमा के सामने शादी कर ली। अस्पताल के डॉक्टर व अन्य कर्मी इसके बवाह बने। इस दौरान वहां भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
शादी के बाद गुडि़या व सन्नी ने कहा कि अस्पताल में ही उन्हें जिंदगी जीने का मकसद मिला, इसलिए यहीं शादी करने का फैसला किया।