बिहार में 'दारोगा' ने सिपाही को दिया चकमा, हथकड़ी सरका कर सदर अस्पताल से हुआ फरार
आरा में शनिवार को पुलिस को चकमा देकर सदर अस्पताल से चोरी का आरोपित हथकड़ी सरकाकर फरार हो गया। घटना के बाद अफरातफरी मच गई।
भोजपुर जेएनएन। आरा में शनिवार को पुलिस की शिथिलता का एक बड़ा मामला सामने आया। दारोगा नाम के एक आरोपित ने सिपाही को चकमा दे दिया। भोजपुर जिले के सदर अस्पताल आरा में दोपहर करीब 12 बजे इलाज के लिए लाया गया आरोपित दारोगा कुमार हथकड़ी सरकाकर फरार हो गया। इस दौरान साथ में रहे सशस्त्र बल के जवान ने दारोगा को पकड़ने के लिए उसका पीछा भी किया लेकिन वह पुलिस के हाथ नहीं लग सका। इसे लेकर अस्पताल में काफी देर तक अफरातफरी मची रही।
चोरी और छेड़खानी के आरोप में हुआ था गिरफ्तार
नवादा थाना के अनाईठ मुहल्ले में शुक्रवार की देर रात आरोपी दारोगा कुमार चौधरी पड़ोस के एक घर में गंदी नीयत से घुसा था। जिसके बाद हो-हल्ला होने पर गृहस्वामी समेत नागरिकों ने चोरी और छेड़खानी के आरोप में उसे रंगे हाथ धर दबोचा था। इसके बाद उसकी पिटाई कर मौके पर पहुंची पुलिस के हवाले कर दिया था।
लघुशंका के बहाने हुआ फरार
इधर, शनिवार की दोपहर पकड़े गए आरोपी को सदर अस्पताल,आरा के इमरजेंसी कक्ष में इलाज के लिए लाया गया था। इस दौरान वह लघुशंका के बहाने गेट से बाहर निकल और हथकड़ी सरकाकर फरार हो गया। इस दौरान खाली हथकड़ी लिए सशस्त्र बल के जवान उसे पकड़ने के लिए पीछा भी किए। लेकिन, वह हाथ नहीं लग सका।