भोजपुर में बाइक छू जाने को लेकर उपजे विवाद के बाद BSF जवान के भाई की गोली मारकर हत्या Bhojpur News
भोजपुर जिला के शाहपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत आरा-बक्सर नेशनल हाईवे पर शाहपुर हाई स्कूल के समीप बुधवार की देर रात एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई।
भोजपुर जेएनएन। भोजपुर जिला के शाहपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत आरा-बक्सर नेशनल हाईवे पर शाहपुर हाई स्कूल के समीप बुधवार की देर रात एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पीठ में गोली लगने के कारण युवक की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान सुनील यादव (38) के रूप में हुई है। सुनील शाहपुर के वार्ड संख्या-10 निवासी रिटायर्ड फौजी महेंद्र यादव का पुत्र था। मृतक का छोटा भाई प्रमोद यादव बीएसएफ में कार्यरत है।
बाइक छू जाने के बाद उपजा था विवाद
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार बुधवार की देर रात सुनील यादव बाइक से कहीं जा रहा था। इसी दौरान उसकी गाड़ी भोजपुर और पटना केस में जेल से जमानत पर छूटे एक अपराधी से छू गई। जिसके बाद दोनों में विवाद हो गया। बातचीत के बाद लोग वहां से चले गए। बुधवार की देर रात आरा-बक्सर हाइवे के रास्ते घर लौट रहा था कि शाहपुर हाई स्कूल के पास हथियार बंद अपराधियों ने उसे गोली मार दी। घटनास्थल पर ही उसने दम तोड़ दिया। बाद में सूचना मिलने पर शाहपुर थानाध्यक्ष सब इंस्पेक्टर शंभू भगत पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर पहुंच गए। हालांकि, तब तक अपराधी फरार हो चुके थे। वारदात के बाद स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।