लेह में तैनात भोजपुर के आर्मी जवान की मौत
जम्मू- कश्मीर के लेह-लद्दाख में तैनात भोजपुर जिला निवासी एक आर्मी जवान की शनिवार की देर शाम मौत हो गई।
आरा। जम्मू- कश्मीर के लेह-लद्दाख में तैनात भोजपुर जिला निवासी एक आर्मी जवान की शनिवार की देर शाम मौत हो गई। शुरुआती जानकारी में हिमस्खलन से मौत होने की बात सामने आ रही हैं। रविवार को मौत की सूचना मिलते ही घर में कोहराम मच गया। मृत 26 वर्षीय जवान मनीष कुमार सिंह बड़हरा प्रखंड के कृष्णागढ़ थाना के दुर्गटोला निवासी रिटायर्ड आर्मी जवान सत्येंद्र सिंह का पुत्र था। ड्यूटी के दौरान जवान के शहीद होने की सूचना मिलते ही स्वजन यहां से लेह के लिए रवाना हो गए है। पार्थिव शरीर के आने का इंतजार किया जा रहा है। मंगलवार तक पार्थिव शरीर पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। बताया जाता है कि कृष्णागढ़ थाना क्षेत्र के दुर्गटोला गांव निवासी आर्मी जवान मनीष कुमार सिंह जम्मू कश्मीर के लेह में तैनात था। शनिवार की शाम वह ड्यूटी पर तैनात था। अचानक हिमस्खलन के दौरान बर्फ में दबने से मौत होने की बात सामने आ रही है।
---------
छह साल पहले सेना में हुआ था बहाल
जानकारी के अनुसार बड़हरा प्रखंड के दुर्ग टोला गांव निवासी रिटायर्ड आर्मी जवान सत्येंद्र सिंह का पुत्र मनीष कुमार सिंह 12 सितंबर 2014 को आर्मी में बहाल हुआ था। उत्तर प्रदेश के लखनऊ स्थित आर्मी सेंटर में पहले ज्वाइन किया था। करीब 21 माह पहले जवान को जम्मू कश्मीर के लेह-लद्दाख में ड्यूटी पर लगाया गया था। परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार अभी कुछ दिनों पहले ही जवान गलवान घाटी में ड्यूटी पर तैनात था। इसके बाद तकरीबन 10 दिनों पहले जवान को दूसरी बार लेह में बुला लिया गया था। इसके बाद शनिवार की देर शाम जवान मनीष कुमार सिंह जब ड्यूटी पर तैनात था उसी दौरान बर्फ में दबने से मौत की सूचना मिली तो पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
----
दो साल पहले हुई थी शादी
आर्मी जवान मनीष की शादी वर्ष 2018 में बड़हरा प्रखंड के जोकहरी गांव निवासी रामायण सिंह की पुत्री वंदना कुमारी के साथ हुई थी। बताया जाता है कि जवान को अभी कोई संतान नहीं हैं। शहीद जवान के दो भाई और तीन बहन है। दो बहनों की शादी भी हो गई है। सबसे छोटी बहन नेहा कुमारी अभी बीए की पढ़ाई कर रही है। जवान के सबसे बड़े भाई राकेश कुमार सिंह भी आर्मी के जवान हैं, जो अभी उत्तर प्रदेश के लखनऊ में पोस्टेड हैं। जवान के मौत की सूचना जैसे ही परिजनों को सूचना मिली शहीद जवान के पिता सत्येंद्र सिंह, बड़े भाई राकेश कुमार सिंह और चाचा के पुत्र अनीष कुमार सिंह रविवार की सुबह ही लेह के लिए रवाना हो गए । शहीद जवान की मां रामावती देवी और पत्नी बंदना कुमारी का रो- रोकर बुरा हाल है। जवान का पार्थिव शशशरीर मंगलवार को पैतृक गांव दुर्गटोला पहुंचने की संभावना है।
-----
छह दिनों बाद ही शादी समारोह में भाग लेने आने वाला था मनीष
कृष्णागढ़ थाना क्षेत्र के दुर्गटोला गांव निवासी शहीद जवान मनीष कुमार सिंह अंतिम बार सावन महीने में अपने पैतृक दुर्गटोला गांव आया हुआ था। पर होनी को कुछ और मंजूर था। जानकारी के अनुसार आर्मी जवान मनीष अभी 22 नवंबर 2020 को भी अपने गांव आने वाला था। बताया जाता हैं कि शहीद जवान मनीष कुमार सिंह के चाचा की लड़की का शादी और साला की शादी 26 नवंबर 2020 को होनी हैं। इन दोनों शादियों में सम्मिलित होने के लिए शहीद जवान करीब छह दिनों बाद हीअपने पैतृक गांव आने वाला था। परिजनों ने बताया कि शहीद जवान दीपावली के दिन देर शाम तक अपने छोटे भाई व बहनों के साथ बातचीत की थी। सब कुछ ठीक चल रहा था। इसके बाद रविवार की सुबह में अचानक बर्फ में दबकर शहीद होने की सूचना परिजनों को मिली। इधर, उनके बड़े भाई अनीष ने बताया कि मौत का ठोंस कारण अब विभाग के अधिकारियों द्वारा नहीं बतायी जा रही है। घटना की सूचना के बाद मृत सैनिक के पिता रविवार को हवाई जहाज से लेह के लिए रवाना हो गए है। उनके बड़े भाई राकेश सिंह लखनऊ से प्लेन से रविवार की शाम में लेह के लिए रवाना हुए।