मोबाइल और इंटरनेट के दुरुपयोग से बचें छात्राएं
यौनशोषण एवं छेड़खानी जैसी घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए शुक्रवार को केजी रोड नवादा स्थित आदर्श कन्या उच्च विद्यालय में एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया।
आरा। यौनशोषण एवं छेड़खानी जैसी घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए शुक्रवार को केजी रोड नवादा स्थित आदर्श कन्या उच्च विद्यालय में एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। जिसमें मुख्य रूप से छात्राओं को मनचलों और लफंगों से बचाव के गुर सिखाए गए। विशेषकर इंटरनेट और मोबाइल के दुरूपयोग से बचने की सलाह दी गई। समारोह के दौरान आरा महिला थानाध्यक्ष कंचन कुमारी और दारोगा रंजना सिन्हा ने छात्राओं को बताया कि जब भी किसी तरह की अनहोनी की आशंका हो तो आप इसकी सूचना तत्काल महिला थाना या महिला हेल्पलाइन नंबर पर तुरंत दें। महिला पुलिस अधिकारियों ने बताया कि 18 साल की कम उम्र की लड़कियों के साथ इस तरह की घटना अगर होती है, तो वह पॉक्सो एक्ट के तहत आता है। जिसमे आरोपियों को पांच साल की कैद और जुर्माना भी हो सकता है। लड़कियों को यह भी बताया गया कि सोशल मीडिया पर जैसे इंस्टाग्राम, फेसबुक पर अपने फोटो अपलोड ना करें। किसी अनजान व्यक्तियों का फ्रेंड्स रिक्वेस्ट एक्सेप्ट ना करें। विद्यालय या कोचिग में आने जाने के क्रम में अगर कोई अनजान व्यक्ति आपका पीछा करता दिखे तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस या घर वालों को दें। महिला थाना और जनमित्र के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यशाला में करीब दो सौ छात्राओं ने भाग लिया। इस मौके पर जनमित्र के विजय कुमार मेहता, स्मृति सिन्हा, विभा कुमारी और प्राचार्या समेत शिक्षकगण उपस्थित थे। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने शपथ लिया कि वे सुरक्षा को लेकर हमेशा सावधान, सतर्क और संवदेनशील रहेंगे। आपको बताते चलें कि भोजपुर एसपी सुधीर कुमार पोरिका के आदेश पर यौनशोषण जैसी घटनाओं पर रोकथाम को लेकर भोजपुर पुलिस पुलिस सतर्क हो गई है। ऐसे में छात्राओं को आत्मनिर्भर बनाने की अनोखी पहल शुरू की गई है। छात्राओं को सुरक्षा के मद्देनजर जागरूक किया जा रहा है। इससे पुर्व टाउन थाना में कार्यरत महिला अफसरों ने महंथ महिला महाविद्यालय में जाकर छात्राओं को जागरूक किया था।