आरा मं बिना मास्क वाले 39 लोगों से 1950 रुपये जुर्माना वसूला
कोरोना वायरस के संक्रमण के बचाव को लेकर जिला प्रशासन का लगातार तीसरे दिन सख्त रूख रहा।
आरा। कोरोना वायरस के संक्रमण के बचाव को लेकर जिला प्रशासन का लगातार तीसरे दिन सख्त रूख रहा। जिले में सभी प्रखंडों से लेकर मुख्यालय तक कोरोना को लेकर सतर्कता बरतते देखी गई। मास्क का उपयोग करने के बार-बार अनुरोध के बावजूद इसकी अनदेखी करने वालों के खिलाफ स्थानीय प्रशासन ने एक बार फिर सख्ती दिखाई। पीरो के अंचलाधिकारी पीरो चंद्रशेखर सिंह की मौजूदगी में लगातार तीसरे दिन 39 लोगों से 1950 रुपये जुर्माना वसूला गया। इसके पहले गुरुवार को 41 लोगों से 2050 रुपए तथा बुधवार को हसनबाजार में 29 लोगों से बतौर जुर्माना 1450 रुपए वसूले गए। जिन लोगों से जुर्माना वसूला गया, उन्हें उसी वक्त मास्क उपलब्ध कराकर घर से बाहर निकलते समय अनिवार्य रूप से मास्क पहनने की हिदायत दी गई। जबकि कुछ लोगों को चेतावनी देकर छोड़ दिया गया। सीओ चंद्रशेखर सिंह ने बताया कि विभिन्न माध्यमों से लोगों को घर से बाहर निकलते समय मास्क का उपयोग करने की सलाह प्रशासन द्वारा दी गई है। बावजूद इसके अधिकांश लोग इसकी अनदेखी कर रहे हैं। कुछ लोग तो जानबूझकर मास्क का उपयोग नहीं कर रहे हैं। ऐसे में प्रशासन को सख्ती से निपटना पड़ रहा है। उन्होंने स्थानीय दुकानदारों सहित आम लोगों से मास्क का उपयोग करने का अनुरोध किया। ऐसा नहीं करने पर सख्ती बरतने की चेतावनी दी।
---------------
70 लोगों से वसूला गया जुर्माना जासं., बिहिया: मास्क नहीं लगाने वालों के विरुद्ध में बिहिया नगर में शुक्रवार को अभियान चलाया गया। इस दौरान बीडीओ लोक प्रकाश तथा सीओ सुशील कुमार उपाध्याय ने पुलिस बल के साथ नगर में बिना मास्क वाले 70 लोगो को पकड़ा। उनसे 350 रुपये का जुर्माना वसूला गया। इस दौरान बाजार में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। वैसे अधिकारियों की सुस्ती के कारण बिहिया और आसपास के बाजारों में लोग कोविड-19 को लेकर सरकार के गाइड लाइन को ठेंगा दिखा रहे हैं। कपड़ा, रेस्त्रां, मॉल, दवा दुकान, सब्जी बाजार, चाट-छोला की दुकान सहित बाजार में सरेआम बिना मास्क के लोग घूमते देखे जा रहे हैं। प्रशासन की सुस्ती के कारण बिना लोग बेधड़क बिना मास्क के घूमते देखे जा रहे हैं।