जिप अध्यक्ष ने संभाला पदभार, बोले-अधिकारियों का साथ मिला तो बिहार का सबसे विकसित जिला बनेगा भागलपुर
भागलपुर में जिला परिषद अध्यक्ष व उपाध्यक्ष के साथ सभी पार्षदों के साथ संभाला पदभार। कहा सभी मिलकर करेंगे जिले का विकास सर्वसम्मति से लेंगे निर्णय। जिला परिषद अध्यक्ष पद पर लगातार दूसरी बार अनंत कुमार उर्फ टुनटुन साथ आसीन हुए हैं।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। खरमास समाप्त होने के बाद जिला परिषद अध्यक्ष अनंत कुमार और उपाध्यक्ष प्रणव कुमार ने शुक्रवार को पदभार ग्रहण कर लिया। पदभार ग्रहण के दौरान अध्यक्ष व उपाध्यक्ष की कुर्सी एक ही जगह लगाई गई थी। दिन के 11 बजे सभी 31 पार्षदों के साथ जिला परिषद कार्यालय पहुंचे।
मंगलाचरण पाठ के बीच अध्यक्ष व उपाध्यक्ष ने पदभार ग्रहण किया। पदभार ग्रहण करने के बाद डीआरडीए निदेशक प्रमोद कुमार पांडेय ने अध्यक्ष व उपाध्यक्ष का बुके देकर स्वागत किया। इस मौके पर लगातार चौथी बार जीत दर्ज करने वाले खरीक के जिला परिषद सदस्य गौरव राय सहित सभी पार्षद मौजूद थे। इस दौरान सभी पार्षदों और आगंतुक अतिथियों के लिए भोजन की व्यवस्था भी की गई थी।
जिला परिषद अध्यक्ष ने बताया कि अगर अधिकारियों का साथ मिला तो भागलपुर बिहार का सबसे विकसित जिला बनेगा। उन्होंने कहा कि उपाध्यक्ष व सभी पार्षदों को साथ लेकर विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा। सभी पार्षदों के सलाह मशवरा के बाद कोई भी निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि जल्द ही सभी पार्षदों के साथ बैठक की जाएगी। इसके बाद विभिन्न कमेटियों का गठन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि पिछले कार्यकाल में एक प्रखंड को दूसरे प्रखंड से जोडऩे का काम अधूरा रह गया था। इसे इस कार्यकाल में पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि मनरेगा का काम 70 प्रतिशत मुखिया, 20 प्रतिशत पंचायत समिति सदस्य और दस प्रतिशत काम जिला परिषद को मिलता है। मनरेगा में जिला परिषद की भागीदारी बढ़ाने के लिए पंचायती राज मंत्री से मांग करेंगे। उन्होंने बताया कि इस बार सभी सदस्य आपस में मिलकर काम करेंगे। कोई भी सदस्य विकास कार्यों में बाधक नहीं बनेगा।
पार्षद ने किया कंबल वितरण
अलीगंज में शुक्रवार को पार्षद सरयुग साह ने जरूरतमंदों के बीच कंबल वितरण किया। पार्षद ने बताया कि नगर निगम से कंबल की खरीदारी नहीं की। गरीब लोगों को सर्दी में गुजर-बसर करना मुश्किल हो रहा है। इसलिए स्वयं प्रयास करना पड़ा। जरूरतमंदों को करीब 800 कंबल उपलब्ध कराया गया।