Jamui Crime : खेल-खेल में युवक की गोली मारकर हत्या, डीजे पर नांचने को लेकर हुआ था विवाद
जमुई में मामूली विवाद ने हत्या का रूप ले लिया। डीजे पर नांचने को लेकर जमुई में विवाद हुआ था। इसी दौरान उसकी हत्या को गई। इस घटना को लेकर क्षेत्र में तनाव हो गया है। पुलिस वहां पहुंची है। जांच की जा रही है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया।
जमुई, जेएनएन। सिकंदरा थाना क्षेत्र के बिछवे गांव में महिला सिपाही के पति ने सोमवार की रात तकरीबन 10 बजे सर्कस देखने के दौरान प्रवीण महतो के सीने में गोली मार दी। जिससे घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपित हवाई फायरिंग करते हुए फरार हो गया। बताया जाता है कि बिछवे गांव में लगभग 15 दिनों से सर्कस का खेल चल रहा था। जिसे देखने के लिए गांव के लोग जाया करते थे। रात में सर्कस देखने के लिए गांव के ही दशरथ महतो का 23 वर्षीय पुत्र प्रवीण महतो भी गया था। इसी दौरान सर्कस देखने पहुंचा रामदास यादव का पुत्र रंजीत यादव शराब के नशे में दर्शकों से उलझ गया। इस दौरान प्रवीण महतो मामले को सुलझाने गया तो रंजीत ने उसके सीने में गोली मार दी। जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपित हवाई फायरिंग करते हुए भागने में सफल रहा। इधर, हत्या की खबर सुन स्वजन में कोहराम मच गया। घटनास्थल पर पहुंचे स्वजन व स्थानीय लोगों द्वारा पांच खोखे गिरे होने की जानकारी पुलिस को दी गई।
एक माह पहले मांगी थी रंगदारी
मृतक के पिता दशरथ महतो ने बताया कि प्रवीण राजस्थान में काम करता था। लॉकडाउन में कामकाज ठप होने के कारण वह घर आ गया था। एक माह पूर्व हत्यारे रंजीत ने उससे एक लाख रुपये रंगदारी की मांग की थी। नहीं देने पर जान से मार देने की धमकी भी दी थी। सोमवार की रात्रि प्रवीण अपने चचेरे भाई के साथ गांव में चल रहे सर्कस को देखने गया था। वहां रंजीत यादव मौजूद था। रंजीत का किसी से विवाद हो गया। प्रवीण बीच-बचाव करने पहुंचा तो रंजीत ने उसकी गोली मारकर हत्या कर दी।
हत्यारे की गिरफ्तारी को लेकर आक्रोशित लोगों ने किया सड़क जाम
घटना के बाद आक्रोशित स्वजन व स्थानीय लोगों ने मंगलवार की अहले सुबह लगभग पांच घंटे तक सिकंदरा-जमुई मुख्य मार्ग एनएच 333 ए को बिछवे मोड़ के समीप जाम कर दिया। जाम के दौरान ग्रामीणों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। आक्रोशित लोगों ने बताया कि आरोपित की गिरफ्तारी में पुलिस ने तत्परता नहीं दिखाई है। जिस कारण आरोपित भागने में सफल रहा। आरोपित महिला सिपाही का पति है। इस कारण उसका उसका मनोबल बढ़ा हुआ था। मौके पर पहुंचे बीडीओ वीणा कुमारी, पुलिस निरीक्षक नीरज कुमार व थानाध्यक्ष ध्रुव कुमार ने ग्रामीणों को काफी समझाने -बुझाने का प्रयास किया लेकिन ग्रामीण वरीय पदाधिकारी को बुलाने की मांग पर अड़े रहे। लगभग चार घंटे के बाद घटनास्थल पर पहुंचे एसडीपीओ डॉ राकेश कुमार द्वारा आक्रोशित लोगों को समझाते-बुझाते हुए कड़ी मशक्कत के बाद जाम को हटाया गया।
घटना की जानकारी मिली है। पुलिस मामले की निष्पक्ष जांच में जुटी हुई है। गिरफ्तारी के लिए छापेमारी भी की जा रही है। जल्द ही आरोपित की गिरफ्तारी कर ली जाएगी। - डॉ राकेश कुमार, एसडीपीओ जमुई।
इस मामले में पुलिस द्वारा किसी प्रकार की कोताही नहीं बरती गई है। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर जांच में जुटी हुई है। आरोपित पुलिस के पकड़ से ज्यादा दूर नहीं जा सकता है। जल्द ही आरोपित सलाखों के पीछे होगा। - ध्रुव कुमार, थानाध्यक्ष सिकंदरा।