प्रेमिका के परिजन शादी को नहीं हुए तैयार, प्रेमी ने फेसबुक पर लाइव किया सुसाइड
भागलपुर में एक युवक ने प्रेम प्रसंग में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली है। उसने खुदकुशी का लाइव वीडियो और सुसाइड नोट फेसबुक पर अपलोड कर दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
भागलपुर [जेएनएन]। प्रेम-प्रसंग में एक युवक ने फेसबुक पर लाइव खुदकशी कर ली। साथ ही उसने एक सुसाइड नोट भी फेसबुक पर डाला। युवक का नाम गगन सिंह बताया जा रहा है जो नयाबाजार के गरीबनवाज नर्सिंग होम में कंपाउंडर का काम करता था।
जोगसर के सखीचंद घाट रोड में महेश जायसवाल के घर में गगन सिंह (23) ने गले में गमछे का फंदा लगाकर रविवार की रात खुदकशी कर ली। फंदे से झूलने के पहले गगन ने खुदकशी की तैयारी का वीडियो फेसबुक पर लाइव कर दिया। उसने सुसाइड नोट भी छोड़ा है। वह नया बाजार स्थित एक प्राइवेट नर्सिंग होम में कंपाउंडर है। वह किराए के मकान में रहता था। वह मूलरूप से बांका जिले के शंभूगंज इलाके के मेहरपुर गांव का रहने वाला है। पुलिस ने दीवार तोड़कर शव को फंदे से उतारा। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया।
अंदर से कमरा था बंद
मकान मालिक ने बताया कि चार दिन पहले वह छुट्टी लेकर घर जाने की बात कहकर निकला था। रविवार की शाम को वह अपने कमरे में आया। सोमवार की सुबह अचानक उसका एक साथी घर पहुंचा और फेसबुक वाली बात बताई। यह देख हड़बड़ा कर वे लोग जब उसके कमरे तक गए तो गेट अंदर से बंद था। काफी धक्का देने के बाद भी गेट नहीं खुला। तब पुलिस को जानकारी दी गई। इसके बाद चौकी प्रभारी विश्वबंधु कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने लोगों के सामने खंती से दीवार तोड़कर अंदर प्रवेश किया और शव को फंदे से उतारा।
तनाव में था गगन
गगन ने दो पन्नों का सुसाइड नोट लिखा है। सुसाइड नोट के मुताबिक वह बांका की ही एक लड़की से बहुत प्यार करता था। वह भागलपुर में ही रहकर पढ़ती है। लड़की के पिता को इस संबंध के बारे में जानकारी हो गई थी। इसके बाद लड़की को उसके घर बुला लिया गया। इसके बाद क्या हुआ उसे जानकारी नहीं है। पता चलने के बाद लड़की के पिता ने उससे तीन बार बात की। इसके बाद से उसे लगातार धमकी भरे कॉल आने लगे। उसके पीछे लोग लगा दिए गए थे। उसे जान से मारने की धमकी भी मिली थी। इस लेकर वह काफी तनाव में था। उसे कुछ समझ नहीं आ रहा था।
लड़की वाले शादी के लिए नहीं थे तैयार
उसने लिखा है कि उसके घर वाले लड़की से शादी के लिए तैयार थे। लेकिन लड़की वालों इतनी हैसियत नहीं होने के कारण उसके परिवार वाले शादी नहीं करना चाहते थे। वह 10 हजार महीना कमाता है। उसने लिखा है कि उसके मोबाइल में कई कॉल रिकार्ड हैं। उसने अंत में लड़की का नाम लिखते हुए 'आइ लव यू' और गुड बॉय लिखा है। इसके अलावा नोट में लड़की का नाम, नंबर और पता भी लिख दिया है। पुलिस ने सुसाइड नोट और मोबाइल जब्त कर लिया है।
पिता हैं किसान, दो भाइयों में है छोटा
गगन के पिता अशोक सिंह पेशे से किसान हैं। उसके दो बेटे थे। बड़ा बेटा चंदन सिंह दिल्ली में रहकर काम करता है। गगन छोटा लड़का था। घटना की जानकारी होने पर उसके पिता समेत अन्य लोग बांका से भागलपुर पहुंचे। पिता बेटे के शव को देखकर दहाड़ मारकर रो रहे थे। लाइव सुसाइड की बात सुनकर काफी संख्या में लोग घर के बाहर जुटे हुए थे। सभी मोबाइल में लाइव सुसाइड देखने के लिए आतुर थे। वहीं फेसबुक पर वीडियो देखकर उसके चार दोस्तों ने कमेंट भी किया। जबकि 25 लोगों ने शेयर किया।
गगन को धमकी देने वाले के बारे में पता करेगी पुलिस
जोगसर के सखीचंद घाट रोड में गगन के खुदकशी मामले की पुलिस ने यूडी केस दर्ज कर ली है। इस मामले में सुसाइड नोट में लिखी बातों की बारीकी से जांच होगी। जोगसर पुलिस इस मामले में यूडी केस दर्ज कर मामले को निपटाना चाहती थी। लेकिन वरीय अधिकारियों के निर्देश पर इसकी पूरी जांच होगी। गौरतलब है कि सुसाइड नोट में गगन ने अपनी प्रेमिका के पिता के बारे में लिखा था कि उसने उसे जान से मारने की धमकी दी थी। दोनों के बीच के संबंध की जानकारी होने पर प्रेमिका के पिता ने उसे अलग अलग तरीके से धमकी थी। इस कारण वह काफी तनाव में था। पुलिस पहले इस बात की जांच करेगी कि कहीं गगन किसी लड़की से एकतरफा प्यार तो नहीं करता था।
ऑडियो रिकार्डिंग की होगी जांच
गगन ने सुसाइड नोट में लिखा है कि उसके मोबाइल में कई ऑडियो रिकार्डिंग हैं। जिसमें उसके और लड़की के बीच और धमकी देने वाली बातचीत का प्रमाण है। चौकी प्रभारी विश्वबंधु कुमार ने बताया कि इस मामले में यूडी केस दर्ज कर लिया गया है। सुसाइड नोट में लिखी बातों की सच्चाई का पता पुलिस लगाएगी। ताकि इस बात का पता चल सके कि कहीं धमकी के तनाव में तो गगन ने खुदकशी नहीं की थी।
दोस्तों ने कहा कि रात में देखता तो बच जाती गगन की जान
गगन के कई दोस्त पोस्टमार्टम के बाद उसके परिवार को ढाढ़स बंधाने पहुंचे थे। उन लोगों ने कहा कि यदि किसी ने रात में ही उसके फेसबुक स्टेटस को देख लिया होता तो आज वह जिंदा होता। गगन ने रात रविवार की रात 12.38 बजे फेसबुक पर अपने सुसाइड का वीडियो वायरल किया था। लेकिन किसी की रात में उस पर नजर नहीं पड़ी। सुबह उसका एक दोस्त पोस्ट देखकर जब उसके कमरे पर आया तो वह पंखे से लटका मिला।
फेसबुक ज्यादातर प्यार भरे गानों को शेयर करता था गगन
फेसबुक पर सुसाइड का वीडियो वायरल करने वाला गगन ज्यादातर रोमांटिक और प्यार भरे को गानों को शेयर करता था। उसके दोस्तों को भी इस बात की जानकारी थी कि व किसी लड़की से प्यार करता था। लेकिन वह ऐसा कदम उठा सकता है। यह बात किसी ने सोची भी नहीं थी। दोस्तों ने कहा कि वह हमेशा हंसता रहता था। लेकिन उसे इस कदर तनाव था। कभी पता ही नहीं चला।