Move to Jagran APP

भाजपा के बड़े नेताओं ने NDA की जीत सुनिश्चित करने लिए किए लोकलुभावन वायदे

भारतीय जनता पार्टी ने आगामी लोकसभा चुनाव जीतने के लिए हर प्रकार के हथकंडे अपना रही है। भागलपुर में हुए भाजपा सम्‍मेलन में चार लोकसभा क्षेत्र के कार्यकर्ता आए थे।

By Dilip ShuklaEdited By: Published: Fri, 25 Jan 2019 09:56 PM (IST)Updated: Sat, 26 Jan 2019 02:54 PM (IST)
भाजपा के बड़े नेताओं ने NDA  की जीत सुनिश्चित करने लिए किए लोकलुभावन वायदे
भाजपा के बड़े नेताओं ने NDA की जीत सुनिश्चित करने लिए किए लोकलुभावन वायदे

भागलपुर [जेएनएन]। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष नित्यानंद राय ने कहा कि 2019 में अगर केंद्र में एनडीए की सरकार बनी तो पाक अधिकृत कश्मीर हिन्दुस्तान का होगा। राय शुक्रवार को भागलपुर के जिला स्कूल मैदान में शक्ति केंद्र स्तरीय कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि 2019 के लोकसभा चुनाव में नरेंद्र मोदी को पीएम बनाने के लिए 40 सीट जीतकर एनडीए बिहार में बड़ा योगदान देगा। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने गरीबों के घर तक कई योजनाओं को पहुंचाकर राहत दी है। सड़क बनी, शौचालय बने और धुएं से मुक्ति के लिए मुफ्त में रसोई गैस मिली।

loksabha election banner

राय ने राजद नेता तेजस्वी यादव से सवाल किया कि पिछड़ा वर्ग आयोग को 70 वर्षों में संवैधानिक दर्जा क्यों नहीं मिला। जब इसकी कोशिश हुई तो इसे एक कमेटी में भेजने की बात की गई। सवर्ण को दस फीसद आरक्षण देने के बाद अब दुनिया भारत की ओर देख रही है। भागलपुर में सांसद और विधायक भाजपा का नहीं रहने के सवाल पर कहा कि दोनों पद नहीं रहने से फर्क नहीं पड़ता। नेता जागरूक और क्षेत्र के लिए लडऩे वाला होना चाहिए। दावा किया कि समाज की सेवा भाजपा ने की है। गरीबी मिटाना लक्ष्य है। देश को सर्वशक्तिशाली बनाना है। इसके लिए मोदी को फिर से केंद्र में पीएम बनाना जरूरी है।

इसके पूर्व भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन ने कहा कि जनसंघ काल से यह क्षेत्र कार्यकर्ताओं से समृद्ध रहा है। यहां के कार्यकर्ता जो ठान लेते हैं, उसे पूरा करते हैं। कहा कि कांग्रेस देश में भ्रम फैला रही है। कांग्रेस का हर पासा फेल हो रहा है। महागठबंधन बन रहा है। तेजस्वी को चुनौती दी और कहा कि वे नित्यानंद के सामने डिबेट (बहस) में नहीं टिकेंगे। हुसैन ने कहा कि एक खास जाति की जागीरदारी नहीं चलेगी। कार्यकर्ताओं को सलाह दी कि वे एकजुट रहें और संयम बरतें। सम्मेलन की अध्यक्षता भागलपुर जिला अध्यक्ष रोहित पांडेय ने की। सम्मेलन में मुंगेर, जमुई, बांका और भागलपुर के शक्तिकेंद्र स्तर के कार्यकर्ता भाग ले रहे थे।

राज्य में अगले माह 31 हजार बहाली

राज्य के राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री राम नारायण मंडल ने कहा कि अगले माह राज्य में 31 हजार पदों पर बहाली होगी। इसमें कानूनगो, अमीन, राजस्व कर्मचारी, कनीय और सहायक अभियंता शामिल हैं। मंत्री ने उक्त बातें शुक्रवार को भाजपा के शक्ति केंद्र प्रभारियों के सम्मेलन में कही। कहा कि केंद्र और राज्य की सरकारें न्याय के साथ विकास के रास्ते पर काम कर रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से मोदी की उपलब्धियों को बताने जनता के बीच जाने का आह्वान किया। कहा कि यह लड़ाई कौरव और पांडव की सेना के बीच है जिसमें पांडव सेना की जीत होती है। मंडल ने कार्यकर्ताओं से मतदाताओं के दरवाजे पर दस्तक देने का आह्वान किया।

प्रवास करें अधिकारी

सम्मेलन की अध्यक्षता कर रहे भागलपुर भाजपा जिला अध्यक्ष रोहित पांडेय ने कहा कि कार्यकर्ता आपस में सामांजस्य बनाकर रखें। अनुसाशन और पार्टी के निर्देश का पालन करें। अपनी मनमुटाव और मतभेद समाप्त करें। एनडीए के लिए जहां से जिन्हें टिकट मिल जाए, उन्हें जिताने के लिए कार्यकर्ता पूरी तन्यमता से कार्य करें। उन्होंने अपील करते हुए कहा कि केन्द्र सरकार की योजनाओं को जन जन तक पहुंचाने और योजनाओं का लाभ लाभुकों को दिलाने से एनडीए की जीत सुनिश्चित होंगी। इसलिए सभी प्रवासी अधिकारी सु‍नियोजित तरीके से प्रवास करें। 

चार लोकसभा के 927 शक्ति केंद्रों को मिला दो माह का टास्क

प्रदेश संगठन महामंत्री नागेंद्र नाथ ने संगठन की मजबूती के साथ केंद्र में सरकार बनाने के उद्देश्य से चार लोकसभा भागलपुर, बांका, मुंगेर और जमुई के 927 शक्ति केंद्रों के कार्यकर्ताओं को दो माह का टास्क दे दिया है। जिला स्कूल में हुए सम्मेलन में संगठन महामंत्री ने अलग-अलग मोबाइल नंबर से मिस्ड कॉल के माध्यम से उपस्थिति ली।

सबसे पहले जमुई लोकसभा के कार्यकर्ताओं के लिए 7374005120 पर मिस्ड कॉल करने को कहा। कहा कि इसी कॉल के आधार पर उनकी उपस्थिति सम्मेलन में मानी जाएगी। इसी तरह बांका के लिए 7374005107, मुंगेर के लिए 7374005108 और भागलपुर के लिए 7374005106 नंबर पर कॉल कर उपस्थिति ली गई। कहा कि जिनको सदस्य बनाए गए हैं, उसका सत्यापन होगा। कार्यकर्ताओं का व्यक्तिगत रजिस्ट्रेशन होगा। उन्होंने कहा कि संपर्क अभियान को सफल करने का कार्यक्रम चल रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि हमें वहां तक जाना है जहां अखबार नहीं जाता हो और टीवी नहीं हो। हमारी टीम के सदस्य ही एक-एक मतदाताओं के दरवाजे खटखटाएंगे। उन्होंने कहा कि मतदाताओं तक यह संदेश पहुंचाना है कि मोदी ने जो नहीं कहा, वह गरीबों के लिए दिया। कहा कि 27 जनवरी को मन की बात शक्ति केंद्र स्तर पर सभी के साथ सुनें। 11 फरवरी को पंडित दीनदयाल उपाध्याय की पुण्य तिथि को भाजपा समर्पण दिवस के रूप में मनाएगी। मोदी एप के माध्यम से कार्यकर्ता ऑनलाइन आर्थिक मदद करेंगे। बूथ इंचार्ज बनाने को कहा गया। 26 फरवरी को कमल ज्योति संकल्प सम्मेलन में सभी बूथों पर एकत्रित होकर दीप जलाए जाएंगे। 12 फरवरी को मेरा परिवार भाजपा परिवार कार्यक्रम के तहत घरों में पार्टी के झंडे लगाए जाएंगे। इसके लिए राज्य स्तर पर अलग से प्रभारी बनाए गए हैं। दो मार्च को विधानसभा स्तर पर मोटरसाइकिल रैली होगी। नागेंद्र ने सभी कार्यकर्ताओं से दस दिन पार्टी को देने का आह्वान किया। कहा कि मतदान के दिन अपना वोट साढ़े दस बजे तक दिलवा दें। मार्च में ही विधानसभा सम्मेलन में पन्ना प्रमुख का भी सम्मेलन होगा। इन आयोजनों के सफल होने से भाजपा के सामने कोई गठबंधन नहीं टिक सकेगा।

मोदी ही देंगे केंद्र में मजबूत सरकार

चार लोकसभा क्षेत्र के कार्यकर्ता सम्मेलन में आए नेताओं ने दावा किया कि केंद्र में मजबूत सरकार भाजपा नेतृत्व ही दे सकती है। पीएम मोदी ने देश के लिए कई ऐसे कार्य किए जिसे भारत के अलावा दुनिया भर के लोग याद कर रहे हैं। श्रम संसाधन मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि भ्रष्टाचार को समाप्त करने तथा देश के विकास के लिए फिर से मोदी की सरकार बनाएं।

बांका की पूर्व सांसद पुतुल कुमारी ने कहा कि 2019 के चुनाव का आगाज जिला स्कूल के मैदान से हो गया है। पीएम मोदी ने गरीबों और महिलाओं को सम्मान दिया है। पूर्व मंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि देश में विपक्षी दल गठबंधन बनाकर सत्ता हासिल करने की कोशिश कर रहे हैं। कहा कि गठबंधन सरकार मजबूरी की सरकार होगी। सम्मेलन को पार्षद डॉ. एनके यादव, दिलीप जायसवाल, पिंकी कुशवाहा ने भी संबोधित किया। मंच संचालन राधा मोहन शर्मा ने किया।

 

सम्मेलन का उद्घाटन प्रदेश अध्यक्ष नित्यानंद राय, शाहनवाज हुसैन सहित कई नेताओं ने किया। वंदे मातरम की प्रस्तुति डॉ. प्रीति शेखर और डॉ. किरण सिंह ने की। सम्मेलन में युवा मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष संतोष रंजन राय, पूर्व सांसद अनिल यादव, पूर्व विधायक कुमार शैलेंद्र, अमन कुमार, शिवनारायण महतो, नभय कुमार चौधरी, डॉ. मृणाल शेखर, अर्जित चौबे, अफजर शमशी, लीना सिन्हा, संतोष कुमार, मुकेश सिंह, अभय वम्र्मन, बंटी यादव, रोशन सिंह, कुमार प्रणय, दीपक सिंह, निक्की हेम्ब्रम, सोनू घोष सहित सभी चार जिलों के अध्यक्ष और कार्यकर्ता उपस्थित थे।

प्रदेश अध्यक्ष ने किया जिला कार्यालय का भूमि पूजन
भारतीय जनता पार्टी के क्षेत्रीय कार्यालय का भूमिपूजन शुक्रवार को प्रदेश अध्यक्ष नित्यानंद राय ने किया। रानी तालाब सबौर रोड स्थित पार्टी के कार्यालय का भूमि पूजन के बाद उन्होंने कहा कि कार्यालय की नीव नहीं बल्कि इस क्षेत्र में पार्टी को मजबूत आधार देने का नींव देने का काम करेगी। कहा कि कार्यालय हम सभी के लिए मंदिर के समान होता है। इस अवसर पर राष्ट्रीय प्रवक्ता सह पूर्व केंद्रीय मंत्री सैयद शाहनवाज हुसैन, प्रदेश उपाध्यक्ष पूर्व सांसद पुतुल कुमारी, प्रदेश उपाध्यक्ष सह पूर्व मंत्री सम्राट चौधरी, भाजपा जिला अध्यक्ष रोहित पाण्डेय,विधान पार्षद डॉ एन के यादव, प्रदेश कोषाध्यक्ष दिलीप जायसवाल, लोकसभा मीडिया प्रभारी रोशन सिंह, युवा मोर्चा के प्रदेश मंत्री बंटी यादव, राजकुमार सिंह, डॉ. प्रीति शेखर, अर्जित शाश्वत चौबे, प्रिंस मंडल, सुधीर भगत, मोंटी जोशी, राजेश टंडन, प्यारे हिन्द आदि उपस्थित थे।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.