भागलपुर रेलवे जंक्शन : महिलाओं ने पैनल कक्ष में बटन दबाकर ट्रेनों का कराया परिचालन Bhagalpur news
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर भागलपुर में कई कार्यक्रम हुए। वहीं स्टेशन के कार्यों का निर्वहन सभी विभागों में तैनात करीब 60 महिला रेल कर्मियों ने किया।
भागलपुर, जेएनएन। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर आधी आबादी का दमखम जंक्शन पर दिखा। रेलवे बोर्ड के निर्देश पर एक शिफ्ट में स्टेशन के कार्यों का निर्वहन सभी विभागों में तैनात करीब 60 महिला रेल कर्मियों ने किया। ट्रेन चलाने से लेकर सुरक्षा तक की जिम्मेदारी निभाई।
जमालपुर की सोलानी कुमारी, नालंदा की श्वेता शर्मा, पटना की पूजा कुमारी व श्वेता भारती ने सुबह छह से आठ बजे तक ट्रेनों का सफल संचालन किया। शोभा कुमार ने टिकट काउंटर का जिम्मा संभाला। दूसरी ओर केंद्रीय रेलवे रेल यात्री संघ और आरपीएफ की ओर से महिला सशक्तीकरण पर कार्यक्रम किया गया। इस मौके पर इंस्पेक्टर एके सिंह, अध्यक्ष विष्णु खेतान, राष्ट्रीय महिला जागरण समिति की अध्यक्ष अनुराधा खेतान, मनोज बुधिया सहित कई थे।
बैच लगा कर मनाया महिला दिवस
ईस्ट रेलवे मेंस यूनियन भागलपुर संघ की ओर से रविवार को महिला दिवस मनाया गया। केंद्रीय सहायक सचिव नूतन देवी के नेतृत्व किया। ईस्ट पैनल, कैरेज वैगन, बुकिंग कार्यालय, रिजर्वेशन ऑफिस, एसएम ऑफिस, ट्रेन लाइटिंग ऑफिस में दिवस मनाया गया। इस अवसर पर मेंस यूनिय कार्यालय में शाखा सचिव आरके सिंह, संयुक्त सचिव चंदन कुमार ने महिला रेलकर्मियों के कुशल कार्यों की सराहना की और हमेशा यूनियन का साथ होने का भरोसा दिलाया।
स्लम बस्ती में सेनेटरी पैड वितरण
'योजना घर' की ओर से अभियान चलाया गया। इस दौरान 100 महिलाओं के बीच सेनेटरी पैड का बांटे गए। इस दौरान डॉ. गरिमा केजरीवाल ने कोरोना वायरस से बचाव के बारे में जानकारियां दी गई। संस्था के संस्थापक मानव केजरीवाल ने कहा कि अंतिम पायदान पर खड़े असहाय और गरीबों के बीच सहायता पहुंचाना ही संस्था का मकसद है। महिलाओं को नंबर दिए गए। इस मौके पर सुमित जिलोका, निदा परवेज सहित कई उपस्थित थे।
परिधि की ओर से नाटक का मंचन
सैंडिस कंपाउंड में परिधि की ओर से नाटक गीत, पोस्टर प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। नाटक दोयम का मंचन हुआ। इसमें महिलाओं को दोयम दर्जे का नागरिक बनाने की परिस्थितियों को रेखांकित किया गया। नाटक में संगीता, लाडली राज, कोमल, दीप प्रिया, आरजू, मुस्कान ने सशक्त ने कला की प्रस्तुति दी। इस अवसर पर अभिषेक तिवारी, मृदुला सिंह, विष्णु, राहुल, शिवानी मिश्रा, डॉ. मनोज मीता सहित कई थे।