उर्दू बाजार में महिला का फंदे से लटका मिला शव
उर्दू बाजार दुर्गा स्थान के समीप गुरुवार को अमित कुमार की पत्नी चंचल कुमारी चांदनी (31) का शव घर के तीसरे तल्ले पर फंदे से लटका मिला।
भागलपुर। उर्दू बाजार दुर्गा स्थान के समीप गुरुवार को अमित कुमार की पत्नी चंचल कुमारी चांदनी (31) का शव घर के तीसरे तल्ले पर फंदे से लटका मिला। चंचल के पिता अरविंद ठाकुर ने बेटी की हत्या के बाद शव को लटकाने का आरोप अपने दामाद अमित, सास, देवर समेत अन्य पर लगाया है। घटना की जानकारी होने पर सिटी डीएसपी राजवंश सिंह और तातारपुर के प्रभारी थानेदार कौशल भारती मौके पर पहुंचे। शव दुपट्टे के सहारे पंखे से लटका था और पूरे कमरे में सामान बिखरा हुआ था। सिर में भी चोट के निशान था। चंचल के पिता अरविंद ने बताया कि बेटी ने उन्हें दो दिन पूर्व फोन किया था। उसने बताया कि अमित ने उसका फोन छिन लिया है और सिम निकालकर अपने पास रख लिया है। उसने पहले तल्ले पर रहने वाले शिक्षक मुकेश कुमार के मोबाइल से फोन किया था। अरविंद ने बताया कि बुधवार को उनके नाती अभिजीत ने फोन कर कहा कि मम्मी की तबियत काफी खराब है। वे बेटी को देखने के लिए गुरुवार की सुबह आने के लिए तैयार हुए, लेकिन इसी बीच उन्हें तातारपुर पुलिस ने फोन कर घटना की सूचना दी। दो बेटों को भी साथ ले गया अमित
चंचल का मायके मुंगेर जिले के जमालपुर, मंगरौड़ा काली स्थान, ईस्ट कॉलोनी है। उनके पिता ने बताया कि करीब 10 वर्ष पूर्व अमित और चंचला ने प्रेम विवाह किया था। दोनों के दो बेटे हैं। बड़ा बेटा 10 वर्षीय अभिजीत और छोटा बेटा आठ वर्षीय सोहम। घटना के बाद अमित दोनों को अपने साथ ले गया है। अमित की मां सहित अन्य सदस्य भी फरार हैं। पहले भी कई बार हो चुकी थी हत्या की साजिश
अरविंद ने कहा कि पूर्व में भी कई बार बेटी को उसके ससुराल वालों ने मारने की साजिश रची थी। कई बार केस भी हुआ है। पांच साल पूर्व जमालपुर में केस हुआ था। अमित उर्दू बाजार में ही सैलून और घर में लॉज चलाता है। वे लोग मूलरूप से एकचारी इलाके के रहने वाले हैं।
।