जीजा के घर साली की गोली मारकर हत्या, घटना के बाद तरह-तरह के चर्चे Bhagalpur News
भागलपुर के घोघा थाना अंतर्गत एक महिला की हत्या कर दी गई। हत्या का कारण स्पष्ट नहीं है। लेकिन चर्चे काफी हो रहे हैं। जीजा के घर साली की हत्या होना कई संदेश को जन्म दे रही है।
भागलपुर [जेएनएन]। जीजा के घर साली की हत्या हो जाने से जिले में सनसनी फैल गई है। लोग तरह तरह के चर्चे कर रहे हैं। आखिर क्या कारण है कि जीजा के घर में साली को गोली मार दी गई।
घोघा थाना क्षेत्र के पन्नूचक गांव में अपने जीजा के घर आई महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना रात 1.00 बजे की बताई जा रही है। गोली पीछे से मारी गई है जो महिला की पीठ के दाहिने हिस्से को भेदते हुए गले के समीप जा अटक गई। जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई। मृतका की पहचान बैरिया दियारा निवासी धर्मेंद्र मंडल की पत्नी सोनम देवी के रूप में हुई है।
परिजनों के अनुसार घटना के समय घर में सोनम व उसकी छोटी बहन ही थी। बाकी घर के सदस्य दियारा स्थित बासा पर थे। सोनम को दो पुत्र व एक पुत्री जो क्रमश: आठ वर्षीय लूसी कुमारी, छह वर्षीय शिवम व चार वर्षीय आर्यन हैं। सूचना पाकर कहलगांव एसडीपीओ रेशु कृष्णा, घोघा थाना प्रभारी शंभू कुमार पासवान, सह थाना प्रभारी आनंद किशोर रॉय, अवर निरीक्षक उमाकान्त सिंह पुलिस बल के साथ घटना स्थल पहुंचे और आवश्यक जांच के उपरान्त शव को पोस्टमार्टम के लिए भागलपुर भेज दिया।
मिली जानकारी के अनुसार सोनम बैरिया दियारा की रहने वाली थी। हाल के दिनों लगभग एक वर्ष पूर्व उसके पति धर्मेंद्र मंडल ने सोनम के जीजा के गांव पन्नूचक में ही दक्षिणी छोर पर जमीन की खरीदारी की थी तथा उक्त जमीन पर खर बांस निर्मित बनाये गए झोपड़ीनुमा घर में सोनम रहती थी। पति धर्मेंद्र मंडल हैदराबाद में रहकर मजदूरी करता है। परिजनों द्वारा घटना की जानकारी पति को दे दी गई है।
घटनास्थल मृतका के जीजा पन्नूचक निवासी कांति मंडल का घर है। वहीं दूसरी ओर धर्मेंद्र मंडल द्वारा खरीदी की गई जमीन है जहां सोनम रहती थी। जीजा के घर से काफी नजदीक व एक ही गांव में होने के कारण सोनम का अक्सर आना-जाना लगा रहता था। इसी क्रम में तीज पर्व करने दो दिन पूर्व सोनम अपने जीजा के घर आई थी और बीती रात उसकी हत्या कर दी गई।
शाम 3.30 बजे विधि विज्ञान प्रयोगशाला भागलपुर की टीम पहुंची तथा आवश्यक जांच पड़ताल की। घोघा थाना प्रभारी शंभू कुमार पासवान ने बताया कि मृतका के परिजनों द्वारा अभी तक प्राथमिकी दर्ज नहीं कराई गई है। जांच की जा रही है।