भागलपुर के सबौर में घर में घुसकर महिला से दुष्कर्म, नाथनगर में बच्ची से छेड़छाड़
भागलपुर के सबौर में एक महिला के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। यहां घर में घुसकर महिला से एक युवक ने मुंह काला किया। वहीं नाथनगर में बच्ची के साथ दुर्व्यवहार का मामला सामने आया। बच्ची ने आरोपित को पकड़ लिया।
भागलपुर, जेएनएन। जिले के सबौर और नाथनगर में थाना क्षेत्र में घर में घुसकर एक महिला से दुष्कर्म और बच्ची से छेड़छाड़ करने का मामला सामने आया है। बच्ची ने साहस का परिचय देते हुए आरोपित को खुद ही दबोच लिया, जिसके बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया। घटना को लेकर दोनों थानों में अलग-अलग मुकदमा कराया गया है।
हथियार के बल पर बनाया बंधक
सबौर इलाके की 32 वर्षीय महिला ने पुलिस को बताया कि मैं घर में अकेली थी। तभी गांव का ही युवक मुहम्मद सरबर जबरन आ घुसा। आते ही हथियार के बल पर मुझे बंधक बना लिया। इसके बाद दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। इस दौरान मेरे साथ मारपीट भी की। भागते वक्त धमकी दी कि केस करोगी तो पूरे परिवार को जान से मार देंगे। उसके चंगुल से मुक्त होने के बाद शोर मचाई। लेकिन, तबतक आरोपित भाग चुका था। स्वजनों के साथ थाने पहुंची और मुहम्मद सरबर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराई। पुलिस मामला दर्ज कर आरोपित की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
सोती बच्ची के कमरे में जा घुसा था आरोपित
नाथनगर इलाके में 10 वर्षीय बच्ची के साथ छेड़छाड़ की घटना हुई। पिता ने पुलिस को बताया कि सभी परिवार खाना खाकर सो रहे थे। अचानक रात में बेटी के चिल्लाने की आवाज आई। उसके पास जाने पर देखा कि बेटी ने आरोपित को पकड़ रखा है। पूछने पर बताया कि सोये अवस्था में छेड़छाड़ कर रहा था। नींद खुली तो उसे दबोचा लिया। शोर सुनकर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। उसकी पहचान गांव के ही दिनेश महतो के पुत्र सोहित कुमार के रूप में हुई। लोगों ने उसे पुलिस के हवाले कर दिया। बच्ची के पिता ने उसके खिलाफ नाथनगर थाने में मुकदमा कराया है। नाथनगर इंस्पेक्टर मु. सज्जाद हुसैन ने बताया कि पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। आरोपित को जेल भेज दिया गया।